बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं के दावे खोखले

बिलासपुर। स्वास्थ्य के क्षेत्र में अव्वल होने के हिमाचल सरकार के दावों पर बिलासपुर में दावे खोखले साबित हो रहे हैं। क्षेत्रीय अस्पताल बिलासपुर में उपलब्ध सुविधाएं मरीजों की बढ़ती संख्या के आगे बौनी साबित हो रही है। अभी तक एक बैड पर दो-दो मरीजों को दाखिल किया जा रहा था, लेकिन अब तीन-तीन मरीजों को एक बैड पर दाखिल कर रहे हैं। कई मरीज क्षेत्रीय अस्पताल में उपचार करवाने से भी कतराने लगे हैं।
क्षेत्रीय अस्पताल बिलासपुर में बरसात के मौसम में मरीजों की संख्या बढ़ रही है। मेडिकल वार्ड में एक बैड पर एक से अधिक मरीज दाखिल किए गए हैं। अस्पताल प्रशासन की मानें तो एक बैड पर एक मरीज ही दाखिल किया जाता है। कई बार आपात स्थिति में मजबूरी में अस्पताल प्रशासन को यह कदम उठाना पड़ता है। यदि कई बार मरीज को दाखिल नहीं करें तो मरीज को ही परेशानी उठानी पड़ती है। इसके चलते मजबूरी में कई बार मरीज को दाखिल करना पड़ता है। इसके अलावा बरसात के मौसम में तो मरीजों की संख्या में इजाफा हो रहा है। जिसके चलते परेशानी पहले से ज्यादा बढ़ रही है। सीएमओ ने विशेषज्ञ चिकित्सकों को एक बैड पर एक ही मरीज दाखिल करने के निर्देश दिए हैं। सिर्फ आपात स्थिति में ही दो मरीज दाखिल होंगे।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. एमएल कौशल ने कहा कि मरीजों की संख्या बढ़ने के कारण अस्पताल में एक बैड पर एक से अधिक मरीज दाखिल करना अस्पताल प्रशासन की मजबूरी बन गई है। विशेषज्ञ चिकित्सकों को निर्देश दिए गए हैं। आपात स्थिति में ही एक बैड पर दो मरीज दाखिल किए जाएं।

Related posts