
भगेड़ (बिलासपुर)। बचत भवन घुमारवीं में भूतपूर्व अर्धसैनिक बल संघ के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में 1962 के युद्ध या फिर इसके बाद बेहतर सेवा देने वाले आईटीबीपी के जवानों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। इस समारोह में आईटीवीपी द्वितीय वाहिनी बबेली (कुल्लू) के कमांडेंट वीके देशपाल बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित हुए। उन्होंने बिलासपुर के 12 लोगों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया।
आईटीबीपी अपना सिल्वर जुबली वर्ष मना रहा है। इसी उपलक्ष्य पर उत्कृष्ठ कार्य करने वालों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर कमांडेंट वीके देशपाल को भूतपूर्व अर्धसैनिक बल संघ ने जोरदार स्वागत किया। उन्हें बाकायदा संघ की ओर से सम्मानित भी किया गया। संघ से जुडे़ कई पदाधिकारी उपस्थित रहे। भूतपूर्व अर्धसैनिक बल संघ के प्रधान रूप लाल लखनपाल ने कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए भारत-तिब्बत सीमा पर आईटीबीपी द्वारा दिखाई जा रही मुस्तैदी की प्रशंसा की। विजय कुमार, राम दास, श्रवण चंदेल, मणि राम, गीता राम, बीरबल राम, संत राम, मान सिंह, हरनाम सिंह, बंसी राम, धर्म सिंह, भगवान दास को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में डीआईजी बीडी भारद्वाज, अमी चंद ठाकुर, डीएस चौहान, एसके नड्डा, सुखदेव राणा, लेखराज वर्मा, नेक सिंह समेत एसएसबी, बीएसएफ, सीआईएसएफ, सीआरपीएफ तथा केंद्रीय गृह मंत्रालय के अधीन आने वाले सेवानिवृत्त जवानों ने भाग लिया।
