
कांगड़ा। शहर व इसके साथ सटे इलाकों में सोमवार रात से जारी बरसात ने तबाही मचाई। एनएच 88 पर दौलतपुर के पास ट्रक फंसने से करीब एक घंटा जाम लगा रहा। नंदरुल में ल्हासा गिरने से मार्ग अवरुद्ध रहा। पुराना कांगड़ा में पहाड़ियों का मलबा गिरने से यातायात कुछ समय के लिए बाधित रहा। जमानाबाद में क्षतिग्रस्त पुल की एप्रोच का हिस्सा भी पानी में बह गया। टांडा रोड पर फ्लोर मिल के पास पहाड़ियों से पत्थर गिरते रहे। बरसात से जहां कई सड़कें पानी से भर गईं तो कई दुकानों के भीतर पानी जा घुसा। बस अड्डे के साथ औद्योगिक क्षेत्र में कई शेडों में पानी घुस गया। उद्यमी नरेंद्र त्रिवेदी ने बताया कि हर बार भारी बरसात में उद्यमियों के शेडों में पानी चला जाता है। उन्होंने विभाग से यहां उचित ड्रेनेज सिस्टम बनाने की मांग की है। मुख्य डाकघर के भीतर पानी घुस गया। डाकघर में पानी आने से करीब दो घंटे तक कामकाज ठप रहा। तहसीलदार नरेश कुमार ने बताया कि बारिश के चलते एक मकान, चार पशुशालाएं ढह गईं। समीरपुर पंचायत में पंचायत घर पर पेड़ गिर गया। बड़ोह के तहसीलदार सुरेंद्र कुमार ने बताया कि यहां बरसात से तीन मकान और दो पशुशालाएं गिरी हैं।
