
धर्मशाला। कजलोट पंचायत के टीहरा लाइन के पास पहाड़ी में बसे गांव के भूस्खलन की चपेट में आने के बाद अब सुधेड़ गांव में भी अलर्ट जारी कर दिया गया है। बुधवार को टीहरा लाइन में तबाही के निशान आधा किलोमीटर नीचे स्थित सुधेड़ गांव तक पहुंच गए। लगातार बारिश के बीच जमीन धीरे-धीरे धंसती जा रही है। सुधेड़ गांव भी भारी बारिश के चलते भूस्खलन की चपेट में आ सकता है। लिहाजा, प्रशासन ने संबंधित गांव में अलर्ट जारी कर दिया है। फिलहाल गांव को अभी तक खाली नहीं करवाया गया है मगर बारिश जारी रही तो सुधेड़ के लोगों को भी सुरक्षित जगह की तलाश करनी पड़ेगी। सुधेड़ गांव पहाड़ी में बसा है। ऐसे में बारिश से भूस्खलन होने का खतरा बरकरार है। इस स्थिति में प्रशासन ने अलर्ट जारी किया है। एसडीएम डा. हरीश गज्जू का कहना है कि खतरे को देखते हुए सुधेड़ के लोगों को अलर्ट रहने के लिए कहा है। यहां पर दर्जनों गांव भूस्खलन की चपेट में है। बुधवार को उपायुक्त सी पालरासु, एडीएम राकेश शर्मा, एसडीएम डा. गज्जू, एसपी बलवीर ठाकुर, एसएचओ मैकलोडगंज गुरवचन सिंह ने प्रभावित स्थल का दौरा किया। कजलोट के टीहरा लाइन के पास बसा गांव भूस्खलन से तहस-नहस हो गया। भूस्खलन की चपेट में आए घर क्षतिग्रस्त हो गए। कुछ घर अभी भी खिसकी पहाड़ी में लटक गए हैं। अब इन घराें में लोग कभी भी नहीं रह सकेंगे। इस मंजर के बाद लोग अपने आशियानाें को उजड़ते देख सहम गए हैं। भूस्खलन से तबाह हुए लोगों को प्रदेश सरकार दूसरी जगह पर शिफ्ट करने की योजना बना रही है। इस बाबत मंत्री सुधीर शर्मा ने भी आवश्यक निर्देश जारी किए हैं। जल्द ही प्रभावित परिवारों को इलाके के आसपास सुरक्षित जगह में शिफ्ट किया जा रहा है।
