
गरुड़। अपहृत किशोरी को अगवा करने मामले में नामजद पटवारी की गिरफ्तारी और किशोरी का सुराग लगाने की मांग को लेकर उसकी मां और दादा का एसडीएम कार्यालय के सामने के चल रहा आमरण अनशन तीसरे दिन भी जारी रहा। उधर, एसडीएम ने आरोपी पटवारी को तहसील मुख्यालय संबद्ध करने के साथ ही पिंगलों में नए पटवारी की तैनाती कर दी है। लेकिन मां का कहना है कि जब तक पटवारी गिरफ्तारी नहीं हो जाती तब तक आंदोलन जारी रहेगा। मंगलवार से थाना बैजनाथ पुलिस जांच में जुट गई है।
अपहृत किशोरी की मां विमला देवी और उसके दादा चालीस किमी दूर मजकोट से तीन दिन से लगातार एसडीएम कार्यालय आकर भूख हड़ताल में बैठ रहे हैं। उन्होंने आशंका जताई है कि आरोपी पटवारी लड़की को या किसी को बेच सकता है या फिर उसकी हत्या कर सकता है। उन्होंने ऐलान किया है कि जब तक पटवारी की गिरफ्तारी और अपहृत लड़की का सुराग नहीं लगता है तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने थाना बैजनाथ पुलिस पर प्रशासन के दबाव में काम करने का आरोप लगाया है। भाजपा कार्यकर्ताओं ने एसडीएम कार्यालय के सामने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। उन्होंने आरोपी पटवारी को शीघ्र गिरफ्तार करने के साथ ही अपहृत किशोरी का शीघ्र सुराग लगाने को कहा। प्रदर्शन करने वालों में मां भगवती संगठन के अध्यक्ष किसन बोरा, भाजपा के मंडल महामंत्री कैलाश बोरा, भाजपा के मंडल अध्यक्ष देवेंद्र गोस्वामी, लक्ष्मी दत्त पांडे, कविता, शांति, गीता, हेमा, पदम सिंह, बलवंत भंडारी, चंदन बरोलिया आदि मुख्य थे। उपजिलाधिकारी अनिल चन्याल ने बताया कि आरोपी पटवारी को फिलहाल तहसील मुख्यालय संबंद्ध कर दिया है। पाटली के पटवारी देश दीपक वर्मा को पिंगलों का पटवारी बनाया गया है।
