टिहरी डैम से छोड़ा गया 500 क्यूसेक पानी

उत्तराखंड में लगातार बारिश होने से टिहरी बांध की झील का जलस्तर बढ़ गया है। टिहरी हिमालयन गंगा डिविजन (THDC) के एक्जक्यूटिव इंजीनियर ने बताया कि बुधवार को दोपहर 12.30 इस स्तर को कम करने के लिए 500 क्यूसेक पानी छोड़ा गया है। जिस कारण ऋषिकेश में रात 9 बजे 0.25 मीटर और हरिद्वार में रात 10 बजे 0.35 मीटर गंगा का जलस्तर बढ़ जाएगा।

मंगलवार टिहरी का जलस्तर आरएल 818.05 मीटर तक पहुंच गया जिसके बाद आज दोपहर को 500 क्यूसेक पानी कम किया गया है।

लगातार बढ़ रहा जलस्तर
सोमवार को जहां झील का जलस्तर 816.85 मीटर था वहीं मंगलवार को 818.05 मीटर पर पहुंच गया। दोनों नदियों का जलप्रवाह भी लगातार बढ़ रहा है। भागीरथी और भिलंगना नदी से 750 क्यूमेक्स बहाव प्रति मिनट रिकॉर्ड किया गया।

चार यूनिट चलाकर 1000 मेगावाट विद्युत उत्पादन कर 570 क्यूमेक्स पानी की निकासी की जा रही है। बारिश का यही रुख रहा तो कुछ दिनों में ही जलस्तर 825 मीटर के आंकड़े को छू लेगा।

खतरे की जद में लोग
2010 में जलस्तर 832 मीटर कर देने से आरएल 950 तक निवास कर रहे लोग खतरे की जद में आ गए थे। हालांकि अभी तक बांध प्रशासन को जलस्तर 825 मीटर से ऊपर भरने की अनुमति नहीं दी गई है।

डीएम नितेश कुमार झा ने मंगलवार को झील के आसपास के गांवों की स्थिति का जायजा लिया। संबंधित अधिकारियों को स्थिति पर नजर बनाए रखने के निर्देश दिए हैं।

Related posts