बदरीनाथ में आपदा के बाद से नहीं पहुंची गैस

बदरीनाथ। धाम में डेढ़ माह से अधिक समय से रसोई गैस की सप्लाई नहीं हुई है, जिससे यहां रावल, धर्माधिकारी और वेदपाठियों के सामने गैस का संकट खड़ा हो गया है।
धाम में इन दिनों डिमरी पंचायत, पंडा समाज, मंदिर समिति के 246 लोग और माणा, बामणी गांव के करीब 250 ग्रामीण रह रहे हैं। बामणी गांव के अरविंद शर्मा, बदरी सिंह नेगी, मुरारी कन्नी का कहना है कि लामबगड़ से बदरीनाथ धाम तक रसोई गैस सिलेंडर पीठ में लाना मुश्किल हो गया है। पैदल रास्ता भी ठीक नहीं है, जिससे लोग भुखमरी के कगार पर पहुंच गए हैं। बदरीनाथ में मिट्टी तेल की आपूर्ति भी सुचारु नहीं है। लोगों ने सेना के माल वाहक हेलीकॉप्टर में रसोई गैस सिलेंडर सप्लाई करने की मांग उठाई है।
वहीं, उप जिलाधिकारी जोशीमठ एपी बाजपेयी का कहना है कि बदरीनाथ धाम में वर्तमान में रसोई गैस सिलेंडर पहुंचाना संभव नहीं है। धाम में 15 सौ लीटर मिट्टी तेल भेजा गया है। माणा गांव के प्रति परिवार को 10-10 लीटर मिट्टी तेल दिया है। तेल की कमी होगी, तो फिर तेल भेज दिया जाएगा।

Related posts