पेड़ सूखते रहेंगे वो जांच करते रहेंगे

चंपावत। लोहाघाट नगर के बाद अब चंपावत नगर के आसपास भी बेशकीमती देवदार के पेड़ों की शामत आने लगी है। डिप्टेश्वर मंदिर के पास देवदार के कुछ पेड़ों को सुखा दिया गया है। ऐसी आशंका है कि कुछ लोगों ने इरादतन इन पेड़ों को सुखा दिया होगा। वन विभाग के अधिकारी मामला संज्ञान में आने के बाद जांच की बात कह रहे हैं।
बताया गया है कि डिप्टेश्वर मंदिर के पास देवदार के पेड़ हैं। इनमें से चार पेड़ पूरी तरह सूख चुके हैं। कुछ पेड़ों को सुखाने का प्रयास किया गया है। देवदार संरक्षित प्रजाति का पेड़ है। पिछले कुछ समय से इन पर भी कुदृष्टि पड़ने लगी है। लोहाघाट में देवदार के कई पेड़ सुखाने और जमीन पर कब्जा करने के मामले प्रकाश में आने के बाद प्रशासन ने जांच की बात तो की लेकिन नतीजा कुछ भी सामने नहीं आया।
वन रेंजर एमएम भट्ट का कहना है कि इस मामले की जांच कराई जा रही है। उन्होंने कहा कि डिप्टेश्वर मंदिर परिसर में यह सुखाए गए पेड़ वन पंचायत की जमीन पर हैं। चौकी वन पंचायत के सरपंच कै. बिंदु सिंह मौनी का कहना है कि वन पंचायत को क्षति पहुंचाने वालों को दंडित किया जाएगा।

Related posts