
उत्तरकाशी/बड़कोट। भूस्खलन से धरासू से डुंडा के बीच बंद हुआ गंगोत्री राजमार्ग दूसरे दिन भी नहीं खुल पाया। मार्ग बंद होने से जिला पर पेट्रोल डीजल, सब्जी सहित खाद्यान्न का संकट गहराने लगा है। डुंडा क्षेत्र के ग्रामीण पहाड़ी पगडंडियाें से जिला मुख्यालय पहुंच रहे हैं। उधर, सोमवार रात बारिश के चलते हुए भूस्खलन से यमुनोत्री राजमार्ग भी कई स्थानों पर अवरूद्ध हो गया।
रविवार रात को भारी बारिश के चलते गंगोत्री रामजार्ग उत्तरकाशी से डुंडा के बीच रतूड़ीसेरा, बंदरकोट, बडेथी चुंगी में भूस्खलन से बंद हो गया था। दो स्थानों पर बीआरओ ने सोमवार रात तक मार्ग को खोल दिया था, लेकिन सोमवार रात की बारिश से मार्ग फिर से बडेथी, बंदरकोट, रतूड़ीसेरा तथा धरासू के पास भूस्खलन से बंद हो गया। हालांकि बीआरओ की मशीन मार्ग को खोलने में लगी हुई हैं, लेकिन मंगलवार देर सांय तक मार्ग नहीं खुल पाया था। मार्ग बंद होने से जिला मुख्यालय पर पेट्रोल, डीजल, सब्जी, दूध सहित अन्य आवश्यक वस्तुओं का संकट गहराने लगा है। डुंडा की ओर से लोग पहाड़ी पगडंडियों से उत्तरकाशी पहुंच रहे हैं। उधर, यमुनोत्री राजमार्ग भी कल्याणी, कुथनौर, सिल्लाबैंड, खरादी, असनौल गाड़ के पास अवरुद्ध हो गया। मार्ग बंद होने से क्षेत्र के लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
