पाक सैनिकों ने ऐसे की भारतीय सैनिकों की हत्या

पाक सैनिकों ने ऐसे की भारतीय सैनिकों की हत्या

जम्मू/पुंछ : नवनिर्वाचित प्रधानमंत्री मियां नवाज शरीफ के नेतृत्व में पाकिस्तान के साथ भारत के संबंध सुधारने की उम्मीदों पर आज तड़के उस समय पानी फिर गया, जब पाकिस्तानी सैनिकों ने संघर्ष विराम का उल्लंघन करते हुए भारतीय सेना की चौकी पर हमला कर 5 सैनिकों को शहीद कर दिया, जबकि एक अन्य घायल हो गया। शहीद सैनिकों में सेना की 21 बिहार रैजीमैंट के प्रेमनाथ सिंह, शंभूनाथ शरमन, रघुनंदन प्रसाद व विजय कुमार और 49 एम.एल.आई. के नायक मंगल पुंडलीक कर्बा शामिल हैं। सूत्रों के अनुसार पाकिस्तान की 801 मुजाहिद रैजीमैंट के जवानों ने कुख्यात आतंकी संगठन लश्कर-ए-तोएबा की बॉर्डर एक्शन टीम के सहयोग से नियंत्रण रेखा पार करके भारतीय सीमा में घुस कर घात लगाकर इस वारदात को अंजाम दिया।

जानकारी के अनुसार नियंत्रण रेखा पर पुंछ जिले का चक्कां दा बाग क्षेत्र अपेक्षाकृत शांत क्षेत्र माना जाता है। यहां से न केवल दोनों देशों के बीच ‘राह-ए-मिलन’ बस चलती है, बल्कि सीमा के आर-पार व्यापार भी होता है। देर रात डेढ़ बजे जब भारतीय सैनिक चक्कां दा बाग क्षेत्र में स्थित हॉकी और चीता चौकियों के बीच सरल-नोल इलाके में गश्त कर रहे थे तो नियंत्रण रेखा पार करके भारतीय सीमा में करीब 200 मीटर अंदर घुस कर पहले से घात लगाए बैठे पाकिस्तानी सैनिकों ने उन पर हमला कर दिया। इस हमले में सेना की बिहार रैजीमैंट की 21वीं बटालियन के प्रेमनाथ सिंह, शंभूनाथ शरमन, रघुनंदन प्रसाद व विजय कुमार और 49 एम.एल.आई. के नायक मंगल पुंडलीक कर्बा शहीद हो गए, जबकि एक अन्य सैनिक ने अंधेरे का लाभ उठाते हुए झाडिय़ों में छिप कर जान बचाई। हालांकि, वह भी घायल हुआ है और उपचाराधीन है। चक्कां दा बाग क्षेत्र में पहले कभी ऐसी वारदात नहीं हुई थी, लेकिन 2 महीने पहले जब से पाकिस्तानी सेना की 801 मुजाहिद रैजीमैंट इस क्षेत्र में तैनात हुई है, तब से इस क्षेत्र में भी तनाव रहने लगा था और अब लश्कर-ए-तोएबा की बॉर्डर एक्शन टीम के सहयोग से उसने इस वारदात को अंजाम दिया।

Related posts