
शिमला। उद्योग तथा सूचना एवं जनसंपर्क मंत्री मुकेश अग्निहोत्री मंगलवार को सूचना एवं जनसंपर्क निदेशालय पहुंचे और एक संपादक की तरह अधिकारियों और कर्मचारियों को टिप्स दिए। मंत्री की क्लास सवालों के साथ शुरू हुई। उन्होंने पूछा कि आज के अंक में किस अखबार की लीड खबर क्या है? सरकार की कोई भी चार अचीवमेंट्स बताओ? यह सब यह जानने के लिए कि कौन कितना अपडेट है?
मुकेश अग्निहोत्री खुद पत्रकार रह चुके हैं। डीपीआरओ और मुख्यालय के एपीआरओ को संबोधित करते हुए इसी अनुभव के आधार पर उन्होंने कहा कि छह महीने बीत गए हैं। अब सरकार को आक्रामक प्रचार की जरूरत है। हर गांव-हर कस्बे तक सरकार की योजनाएं पहुंचनी चाहिए। मीडिया कर्मियों को तथ्य उपलब्ध करवाना विभाग का काम है। सरकार की योजनाओं से आम आदमी की जिंदगी में क्या असर पड़ा? यह दिखाने के लिए मीडिया को फील्ड विजिट करवाए जाएं। अखबारों को इतनी सामग्री उपलब्ध करवा दो कि नेगेटिव प्रचार के लिए जगह न हो। इसके लिए बजट की चिंता न करें। खाली पदों को भरने और अन्य आधुनिक तकनीकों के प्रयोग के लिए वह हरसंभव मदद विभाग की करेंगे।
उन्होंने कहा कि धर्मशाला, मंडी और चंडीगढ़ स्थित विभागीय दफ्तरों को मजबूत बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि डीपीआरओ को हर समय अपडेट रहना चाहिए। कहां क्या छप रहा है? यह पता होना चाहिए। सरकार की छवि सुधारने के लिए आपसी समन्वय से काम करना होगा। विभाग के निदेशक राजेंद्र सिंह ने मंत्री को भरोसा दिलाया कि उनके दिशा निर्देशों का पालन किया जाएगा। सभी जिलों के डीपीआरओ इस बैठक में मौजूद थे।
