वेतन की अदायगी न होने से भड़के मजदूर

जोगिंद्रनगर (मंडी)। सीटू से संबंधित ऊहल प्रोजेक्ट वर्कर यूनियन ने मजदूरों को पिछले दो माह के वेतन की अदायगी करवाने की मांग को लेकर माकपा नेता कुशाल भारद्वाज तथा सीटू नेताओं टेक सिंह, नारायण दास और पवन सेन के नेतृत्व में उपमंडलाधिकारी नागरिक कार्यालय जोगिंद्रनगर का घेराव किया। जनसभा को कुशाल भारद्वाज, प्रोजेक्ट यूनियन के प्रधान टेक सिंह, मच्छयाल साइट के सचिव नारायण दास तथा एसएफआई नेता संजय जम्वाल ने भी संबोधित किया। भारद्वाज ने कहा कि ऊहल प्रोजेक्ट में श्रम कानूनों की धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। मजदूरों को पिछले दो महीने का वेतन नहीं दिया गया है। श्रम कानूनों का उल्लंघन हो रहा है। कंपनी प्रबंधन मनमानी कर रहा है, लेकिन प्रधान नियोक्ता ब्यास वैली पॉवर कार्पोरेशन, बिजली बोर्ड के अधिकारी और प्रदेश सरकार कोई सुनवाई नहीं कर रही है। 5 जुलाई को बिना किसी पूर्व सूचना तथा प्रधान नियोक्ता और यूनियन से बातचीत किए बिना ले ऑफ का नोटिस लगा दिया है, जो पूरी तरह से गैरकानूनी है। उन्होंने तीन दिन के अंदर गैर कानूनी ले ऑफ को रद्द करने की मांग की। इस अवसर पर टेक सिंह, नारायण सिंह ने कहा कि मांगें जल्द पूरी नहीं कीं तो वीरवार से बीवीपीसी (एल) कार्यालय पर रोज सुबह से शाम तक अनिश्चितकालीन धरना शुरू किया जाएगा।

Related posts