तीन नेशनल हाईवे कई घंटों तक रहे बंद

मंडी। जिला मंडी में सोमवार से हो रही मूसलाधार बारिश से जिंदगी की रफ्तार थम सी गई है। भूस्खलन के कारण नेशनल हाईवे सहित दर्जनों संपर्क मार्ग बाधित होने से लोगों को खासी परेशानी झेलनी पड़ी। मंगलवार को सुबह चंडीगढ़-मनाली नेशनल हाईवे हनोगी बाजार के समीप भूस्खलन होने से करीब छह घंटे बंद रहा। वहीं, मंडी-जोगिंद्रनगर नेशनल हाईवे उरला के पास रात को पांच घंटे तक बाधित रहा। जिले के अन्य दो दर्जन से अधिक संपर्क मार्गों पर यातायात ठप हो गया है। नेशनल हाईवे बंद होने के कारण लंबा जाम लगा रहा। जिससे यात्रियों को वाहनों में ही बैठ कर यातायात बहाल होने का इंतजार करना पड़ा।
मंगलवार सुबह करीब साढ़े पांच बजे मूसलाधार बारिश से हनोगी बाजार के समीप पहाड़ी से भारी मलबा आने से मंडी-मनाली नेशनल हाईवे पूरी तरह से बंद रहा। जिससे एनएच के दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लगी रही। एनएच विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके पर दो जेसीबी भेजी। करीब छह घंटे के बाद एनएच को वन-वे ट्रैफिक के लिए बहाल किया गया। उधर मंडी-जोगिंद्रनगर नेशनल हाईवे भी सोमवार रात को उरला के पास भूस्खलन के कारण पांच घंटे तक बंद रहा। मंगलवार को बारिश से बार-बार एनएच पर मलबा आने से यातायात बाधित हो रहा। जालंधर-मंडी एनएच भी सरोली के पास भूस्खलन के कारण करीब चार घंटे तक बंद रहा। एनएच विभाग ने सभी नेशनल हाईवे पर यातायात बहाल कर दिया है। धर्मपुर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत करीब दो दर्जन संपर्क सड़कों पर ल्हासे गिरने से यातायात ठप हो गया है।
नेशनल हाईवे विभाग के अधिशाषी अभियंता सुनील कपूर ने बताया कि हनोगी के पास बंद हुए एनएच को बहाल कर दिया गया है। मंगलवार को भारी बारिश से हनोगी के पास भारी मलबा और टावर निर्माण का सामान एनएच पर आ गया था। उन्होंने बताया कि दो जेसीबी लगा कर एनएच को वन वे ट्रैफिक के लिए बहाल कर दिया है।

Related posts