
ज्वालामुखी (कांगड़ा)। शक्तिपीठ मां ज्वालाजी में सात अगस्त से शुरू हो रहे श्रावण अष्टमी नवरात्र की तैयारियों में मंदिर प्रशासन जुट गया है। मां ज्वाला देवी का दरबार रंग बिरंगी लाइटोें और फूलोें से सुशोभित होना शुरू हो गया है। मंदिर अधिकारी सुरिंद्र शर्मा ने कहा कि श्रावण अष्टमी नवरात्र के मद्देनजर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। नवरात्र में मंदिर के गर्भ गृह में नारियल ले जाने पर प्रतिबंध लगाया गया है। मंदिर कर्मचारियों, मेला ड्यूटी पर अस्थायी कर्मचारियों, पुजारियों व ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों को पहचान पत्र जारी किए जाएंगे। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए कन्या पूजन स्थल, मुंडन स्थल का विशेष तौर पर प्रबंध किया गया है। स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से नवरात्र में निशुल्क चिकित्सा शिविर लगाया जाएगा। पीने के पानी की अलग से व्यवस्था की गई है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा के मद्देनजर 16 सीसीटीवी कैमरोें से कंट्रोल रूम से चप्पे-चप्पे तक हर गतिविधि कैद की जाएगी। हर श्रद्धालु को मैटल डिटेक्टर से चेकिंग के बाद ही दर्शन के लिए भेजा जाएगा। शहर को सात सेक्टरों में बांटा गया है। इनमें चिह्नित स्थानोें पर पार्किंग की सुविधा रहेगी।
नादौन, कांगड़ा, देहरा मार्ग पर पुलिस की चौकियां रहेंगी जो हर वाहन की चेकिंग कर पार्किंग में वाहन लगाकर बेहतर व्यवस्था बनाने का कार्य करेंगी। शहर में सड़क के दोनोें किनारोें पर वाहन लगाने पर प्रतिंबध रहेगा। सरायोें में लाउड स्पीकरों पर प्रतिबंध रहेगा। मंदिर अधिकारी सुरिंद्र शर्मा ने बताया कि नवरात्र के दौरान श्रद्धालुओं की भारी संख्या में आने की उम्मीद है। इसलिए मंदिर प्रशासन की ओर से बेहतर व्यवस्था बनाने में कोई कमी नहीं रखी जा रही। वह स्वयं नवरात्र के दौरान मंदिर में व्यवस्था की देखरेख करेंगे।
