पौंग बांध के सभी फ्लड गेट खोले

नूरपुर (कांगड़ा)। भारी बारिश के अलावा बैजनाथ और चिड़गांव में बादल फटने के कारण मंगलवार को पौंग बांध के जलस्तर में करीब 6.52 फुट की रिकार्ड बढ़ोतरी के साथ सभी फ्लड गेट खोल दिए गए हैं। पौंग बांध में करीब 1,53,280 क्यूसिक पानी की आमद के साथ 1375.64 फुट दर्ज किया गया। पिछले साल इसी दिन जलस्तर करीब 1320 फुट दर्ज किया गया था। मंगलवार को जलस्तर में एकाएक बढ़ोतरी के चलते बीबीएमबी प्रशासन ने पौंग बांध के सभी छहों फ्लड गेट एक-एक फुट तक खोल दिए। पौंग बांध से कुल 20,473 क्यूसिक पानी में से 15 हजार क्यूसिक टरबाइनों के माध्यम से विद्युत उत्पादन के लिए छोड़ा गया। 5473 क्यूसिक पानी फ्लड गेटों के माध्यम से शाहनहर बैराज (ब्यास दरिया) में छोड़ा गया। पौंग बांध के फ्लड गेट खुलने से ब्यास दरिया के किनारे बसे मंड क्षेत्र के गांवों में रहने वाले लोगों की चिंता एकाएक बढ़ गई है। फिलहाल ब्यास दरिया में पौंग का पानी छोड़े जाने से किसी तरह के जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है। बावजूद इसके एहतियात के तौर पर प्रशासन ने ब्यास दरिया के किनारे बसे गांवों को सुरक्षित जगहों पर जाने का अलर्ट जारी कर दिया है ताकि पौंग बांध से छोड़े जाने वाले पानी की निकासी से बाढ़ आने की सूरत में कोई नुकसान न हो। बीबीएमबी प्रशासन भी पौंग के लगातार बढ़ते जलस्तर पर पैनी नजर रखे हुए है और डैम से पानी की सुरक्षित निकासी के लिए एहतियात बरत रहा है। सूत्र बताते हैं कि मौसम के बिगड़े मिजाज को देखते हुए पौंग बांध में पानी की भारी आमद होने की सूरत में फ्लड गेट दो फुट तक कभी भी खोले जा सकते हैं। आने वाले दिनों में मौसम का यही मिजाज रहा तो पौंग बांध का जलस्तर खतरे के निशान (1390 फुट) को भी पार कर सकता है। फतेहपुर के तहसीलदार पूर्ण चंद ने बताया कि बीबीएमबी की तरफ से मंगलवार को पानी छोड़ने की सूचना मिलने के बाद लोगों को अलर्ट जारी कर दिया गया।

Related posts