आशापुरी में बादल फटा, छह दुकानें गिरीं

पालमपुर/पंचरूखी (कांगड़ा)। पिछले दिन सोमवार से हो रही भारी बारिश के बीच आशापुरी गांव में बादल फटने से इलाके में भारी तबाही हुई है। हालांकि, इससे जानमाल की हानि नहीं हुई है। लेकिन, इस आपदा से छह दुकानें गिर र्गइं और आशापुरी सड़क क्षतिग्रस्त हो गई है।
सड़क के क्षतिग्रस्त होने से परिवहन निगम पालमपुर की एक बस फंस गई है। कई घर खतरे की जद में आ गए हैं।
जानकारी के अनुसार मंगलवार सुबह करीब साढ़े सात बजे भारी गर्जना के साथ आशापुरी में पानी के साथ मलबा नीचे आ गया। आशापुरी बस अड्डा पूरी तरह से मलबे से भर गया। वहां मौजूद छह दुकानें इसकी चपेट में आने से गिर र्गइं।
जब यह आपदा हुई तो लोग ऊंची पहाड़ियों की ओर भागे। बादल फटने से आशापुरी बस स्टैंड पर मस्त राम, गुरदेव सिंह, मिलाप चंद, नरेश, जगत राम, झौंपी राम व सरवन कुमार की कच्ची दुकानें गिर गईं। बस स्टैंड से नीचे देश राज, सुखराम, गोपी राम व लेख राज के घर खतरे की जद में आ गए हैं। बादल फटने से सबसे अधिक नुकसान भुलाणा-आशापुरी सड़क को हुआ है। यह सड़क करीब सात किलोमीटर तक बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हुई है। कई जगहों पर यह सड़क पानी में बह गई है तो कई जगहों पर ल्हासों से बंद हो गई है।
आपदा में करोड़ों रुपए के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है। सड़क क्षतिग्रस्त होने से आशापुरी गांव का संपर्क अब शेष इलाके से कट गया है। सड़क के बंद होने से परिवहन निगम की बस फंस गई है। एसडीएम जयसिंहपुर डा. विक्रम महाजन ने कहा कि प्रशासन की ओर से बीडीओ एचआर जोशी ने मौके पर जाकर स्थिति का जायजा लिया है।

Related posts