सड़क पर सैकड़ों वाहन फंसे

लंज (कांगड़ा)। जिले में मूसलाधार बारिश के चलते मंगलवार को नैशनल हाईवे 23 ठप हो गया। रानीताल-32 मील मार्ग के बीच जगह-जगह ल्हासे गिरने से हाईवे अवरुद्ध हो गया। राज्य मार्ग पर ल्हासे गिरने का क्रम पिछली रात से शुरू हो गया। मंगलवार सुबह आठ बजे मार्ग पूरी तरह से बंद हो गया। इसके चलते सैकड़ों वाहन हाईवे पर फंस गए।
हाईवे पर इतने ज्यादा ल्हासे गिरे हैं कि देर शाम तक भी मार्ग को बहाल नहीं किया जा सका। नगरोटा सूरियां-गगल मार्ग पर भी कुछेक स्थानों पर मलबा गिरने से मार्ग पूरी तरह से बंद रहा।
लंज क्षेत्र के संपर्क मार्ग के ठप होने से लोग पैदल ही गंतव्य का रुख करने को मजबूर रहे। बौहडक्वालू पंचायत में ईश्वर सिंह व प्रीतम सिंह की गौशालाएं भारी बारिश की वजह से गिर गईं। मनेई पंचायत में भी चंद्रशेखर डोगरा का कच्चा मकान भारी बारिश के चलते गिर गया। मनेई में ही रविंद्र कुमार की आटा चक्की मशीन की इमारत गिरने से लाखों का नुकसान हो गया।
सीएमडब्लयू के एक्सईएन पीसी बंधन का कहना है कि मशीनरी लगी हुई है। कुछेक सड़कों को बहाल कर दिया गया है। हाईवे को जल्द बहाल किए जाने की कोशिश जारी है।

पपरोला के कई संपर्क मार्ग रहे ठप
पपरोला (कांगड़ा)। भारी बारिश के चलते मंगलवार को भूस्खलन से दोपहर करीब 1 बजे बैजनाथ-कोठीकोहड़ मार्ग बंद हो गया। उतराला-बिनवानगर और उतराला-ग्वालटिक्कर मार्ग भी बाधित रहे। पंचायत प्रधान लाल चंद ने बताया कि निजी व सरकारी बसें एवं अन्य वाहन उतराला तक ही जा सके। भारी बरसात से पपरोला-मझैरन सड़क व आयुर्वेद अस्पताल मार्ग पर ल्हासे गिरने से आवागमन में दिक्कतें आईं। पपरोला कस्बे की सड़कों ने नाले का रूप धारण कर लिया। लोक निर्माण विभाग के एसडीओ डीएस वर्मा ने बताया कि कोठीकोहड़ मार्ग को बहाल करने के लिए जेसीबी लगाई गई है। विभागीय कर्मी अन्य बाधित मार्गों को खोलने में जुटे हुए हैं।

मार्ग बंद होने पर स्थगित करना पड़ा पेपर
खैरा (कांगड़ा)। पालमपुर से जयसिंहपुर और पालमपुर से सुजानपुर वाया खैरा जानेे वाले मार्ग पर छैंछड़ी में पहाड़ी के साथ पेड़ गिरने से यातायात पूर्ण रूप बंद हो गया। इससे लाहट, खैरा, कोटलू पपलाह आदि गांव के लोगों विशेषकर स्कूली बच्चों को भी दिक्कतों को सामना करना पड़ा। कुछ बच्चे बारिश के कारण मार्ग बंद होने के कारण स्कूल भी नहीं पहुंच पाए। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला खैरा के प्रधानाचार्य विक्रम गुलेरिया ने बताया कि मार्ग अवरुद्ध होने के कारण लाहट, कुठेड़ा, पपलाह, बंदाहू व कोटलू के अधिकतर बच्चे विद्यालय नहीं पहुंच सके। परिणामस्वरूप स्कूल में चल रही छमाही परीक्षा का पेपर भी स्थगित करना पड़ा।

Related posts