
धर्मशाला। राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय धर्मशाला में एबीवीपी ने पुलिस के कड़े पहरे को भेदते हुए मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह का सरेआम पुतला जलाया। छात्र नेताओं ने कालेजों में रूसा को लागू करने के निर्णय पर कड़ा संज्ञान लेते हुए प्रदर्शन किया। पहले से सीएम का पुतला जलाने का एलान कर चुकी विद्यार्थी परिषद को रोकने के लिए पुलिस प्रशासन ने पुरजोर कोशिश की। पुलिस प्रशासन ने सीएम का पुतला जलाने से रोकने के लिए धर्मशाला कॉलेज परिसर में करीब 70 जवान तैनात किए थे लेकिन छात्र नेताओं ने पुलिस को गच्चा देते हुए सरेआम कॉलेज परिसर में सीएम का पुतला आग के हवाले कर दिया। कॉलेज परिसर में मौजूद पुलिस के दर्जनों जवान कोई कार्रवाई करने में नाकाम रहे। सुबह करीब नौ बजे ही कॉलेज में पुलिस बल तैनात कर दिया गया था। छात्र संगठन के नेता सुबह से ही पुतले को जलाने की फिराक में रहे। कड़ा पुलिस पहरा होने के चलते छात्र नेताओं ने करीब पौने दो बजे आर्ट्स ब्लॉक के पास पुतले को आग के हवाले किया। इससे पूर्व विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं ने रूसा के खिलाफ धर्मशाला कॉलेज में धरना प्रदर्शन किया। विद्यार्थी परिषद करीब दो माह से रूसा के खिलाफ लगातार विरोध-प्रदर्शन कर रही है। एडिशनल एसपी मोहित चावला ने बताया कि किसी को भी कानून हाथ में लेने नहीं दिया जाएगा। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर स्थिति को नियंत्रित किया।
विद्यार्थी परिषद के प्रांत कार्यकारिणी सदस्य आदित्य पंडित ने कहा कि प्रदेश सरकार पुलिस बल का सहारा लेकर छात्र आंदोलनों को कुचलने का प्रयास कर रही है। रूसा के कारण प्रदेश के हजारों गरीब छात्र उच्च शिक्षा से वंचित हुए हैं। उनके हकों की लड़ाई विद्यार्थी परिषद जारी रखेगी।
