
पथरी। जिले में खनन माफिया का दुस्साहस इस कदर बढ़ गया है कि वह अधिकारियों पर भी हमला करने से नहीं डर रहे हैं। शनिवार रात हरिद्वार के नायब तहसीलदार की कार को खनन सामग्री से लदी ट्रैक्टर से टक्कर मारने की कोशिश की गई। छापा मारने गई टीम ने आरोपी चालक का पीछा किया लेकिन वह भागने में कामयाब रहा। ट्रैक्टर सीज कर दिया गया है।
देर रात नायब तहसीलदार सुदेश कुमार टीम के साथ अवैध खनन के खिलाफ अभियान चला रहे थे। इसी बीच टीम को सूचना मिली कि बाणगंगा में बड़े स्तर पर अवैध खनन चल रहा है। रात करीब दो बजे जैसे ही नायब तहसीलदार अपनी कार से भोगपुर-शाहपुर गांव के बीच पहुंचे एक ट्रैक्टर चालक ने उनकी कार में टक्कर मारने की कोशिश की। आननफानन में नायब तहसीलदार ने कार को सड़क से नीचे उतारकर एक तरफ खड़ी कर खुद को मुश्किल से बचाया। प्रशासनिक टीम में शामिल कर्मियों और नायब तहसीलदार ने ट्रैक्टर का पीछा किया। खुद को घिरता देख चालक ट्रैक्टर छोड़कर भाग गया। तहसीलदार सुदेश कुमार ने बताया कि ट्रैक्टर को सीज कर दिया है। इससे पहले 29 जुलाई रात को भी लक्सर क्षेत्र में अधिकारियों पर खनन माफिया ने ट्रैक्टर चढ़ाने का प्रयास किया था।
