
हल्द्वानी। अपर शारदा नदी में खनन की योजना है। इसकी संभावना तलाशने को लेकर जल्द ही केंद्रीय वन एवं पर्यावरण मंत्रालय की टीम आएगी, इसके बाद ही खनन पर फैसला हो सकेगा।
हल्द्वानी वन प्रभाग के अंतर्गत चंपावत जिले में शारदा नदी में खनन होता है। केंद्रीय वन मंत्रालय की वर्तमान में जो अनुमति दी है, उसमें केवल डाउन शारदा में ही खनन हो पा रहा है, जबकि लोगों की मांग है कि अपर शारदा में खनन किया जाए। इससे नदी के बहाव और कटाव में भी प्रभाव पड़ सकता है, इसे लेकर वन विभाग ने एक प्रस्ताव केंद्रीय वन मंत्रालय को भेजा था। इसके बाद मंत्रालय ने नए खनन सत्र शुरू होने से पहले निरीक्षण करने का फैसला किया। टीम जैव विविधता, वन्यजीव आदि पर पड़ने वाले प्रभावों का परीक्षण करना चाहती है। विभागीय अधिकारियों के अनुसार पहले मंत्रालय की टीम जुलाई में आने की संभावना थी, लेकिन बरसात और नदी में पानी की मात्रा ज्यादा होने के कारण फिलहाल इसे कुछ समय के टाल दिया गया है। प्रभागीय वनाधिकारी पंकज कुमार कहते हैं कि टीम की रिपोर्ट के बाद ही अंतिम फैसला होगा। एसडीओ प्रकाश आर्य कहते हैं कि बरसात बंद होने के बाद टीम आएगी। हमने सभी तैयारी कर रखी है।
