
सरकाघाट (मंडी)। गैस एजेंसी सरकाघाट के तहत घरेलू गैस उपभोक्ताआें को दिक्कतों की मार झेलनी पड़ रही है। जिन उपभोक्ताओं के रसोई गैस कनेक्शन उनकी कॉपी पर प्रविष्टियां न होने के कारण कट गए थे, उन उपभोक्ताओं को गैस की आपूर्ति नहीं हो रही है। हालांकि, गैस एजेंसी प्रबंधकों ने बंद कनेक्शन दोबारा चालू करने के लिए उपभोक्ताओं से शपथ पत्र एवं अन्य दस्तावेज भी लिए थे। स्थानीय गैस एजेंसी के अधीन 3500 के करीब ऐसे उपभोक्ता है, जिन्होंने 250 रुपये से अधिक की राशि खर्च कर एजेंसी कार्यालय में शपथ पत्र और अन्य आवश्यक दस्तावेज जमा करवाए थे। मगर उनका पिछले 6 माह से नवीनीकरण नहीं हो पाया है। अब इन उपभोक्ताओं को रसोई गैस की आपूर्ति नहीं की जा रही है। उपभोक्ताओं दलजीत गुलेरिया, सतीश कुमार, श्याम सिंह, मनोहर दास, ज्ञान चंद, नरेश कुमार, श्याम सिंह, मनोहर लाल, व्यासा देवी, राधा कुमारी, गायत्री देवी, अशोक कुमार आदि का कहना है कि वे कई बार गैस एजेंसी के कार्यालय के चक्कर काट चुके हैं। मगर हर बार निराश होकर लौटना पड़ रहा है। उक्त उपभोक्ताओं ने प्रशासन से शीघ्र ही इस समस्या को हल करने की गुहार लगाई है। इस बारे में गैस एजेंसी प्रबंधक राजमल का कहना है कि कंपनी के शिमला कार्यालय को इन कनेक्शनों की सूची तथा दस्तावेज भेज दिए हैं। जब भी नवीनीकरण होकर आएंगे, उपभोक्ताओं को तत्काल आपूर्ति कर दी जाएगी।
