करंट लगने से झूला कर्मी की मौत

चंबा। अंतरराष्ट्रीय मिंजर मेले में चौगान नंबर तीन में लगे झूले के साथ आए एक कर्मी की करंट लगने से मौत हो गई है। इस घटना ने जिला प्रशासन के सुरक्षा के दावों की पोल खुल गई है। विपिन कुमार पुत्र धर्मदास निवासी गांव भाला पीओ डाह, तहसील झंडूता जिला बिलासपुर आयु 30 वर्ष ने चौगान नंबर तीन में लगे झूले में कार्यरत था। रविवार सुबह साढ़े तीन बजे के करीब जब तेज बारिश हो रही थी, तो वह उठ कर अपने टैंड से बाहर गया। जब वह वापस लौटने लगा तो इस दौरान उसने झूले के साथ लगे पोल को हाथ लगा दिया। इसमें काफी तेज करंट दौड़ रहा था। इसके चलते उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना से मौके पर अफरा तफरी मच गई। करंट लगने के बाद अन्य झूला कर्मचारी युवक को उठाकर क्षेत्रीय अस्पताल में ले गए, जहां चिकित्सकों ने विपिन कुमार को मृत घोषित कर दिया। पुलिस अधीक्षक जगत राम ने बताया कि विपिन के साथ कार्यरत उसके गांव के ही रहने वाले विनीत की शिकायत पर झूला मालिक राकेश कुमार पुत्र विजय कुमार निवासी अमृतसर के खिलाफ आईपीसी की धारा 336, 304/4 के तहत मुकदमा दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है। उधर, शव का पोस्टमार्टम करवा कर परिजनों को सौंप दिया गया है। मामले की गहनता से जांच की जा रही है। ज्ञात रहे कि झूले शुरू करने से पहले प्रशासन ने इनकी तकनीकी जांच की बात कही थी। जिस तरह झूले वाले क्षेत्र में लगे पोल पर करंट आया, अगर ऐसा दिन के समय होता तो बड़ा हादसा भी हो सकता था।

Related posts