बाढ़ में दो मकान बहे, दस क्षतिग्रस्त

काजा (लाहौल स्पीति)। घाटी में दूसरे दिन भी अधिक बारिश होने से नाले में आई बाढ़ ने तबाही मचाई। इसे लोग शिचलिंग में बादल फटने की घटना मान रहे हैं। बाढ़ में दो मकान पूरी तरह बह गए हैं जबकि दस घर क्षतिग्रस्त हो गए हैं। शुक्रवार रात बाढ़ से कुछ सरकारी आवासों और कार्यालयों को भी क्षति पहुंची है। करीब ढाई करोड़ की क्षति का अनुमान है। इससे पूर्व लाहौल की म्याड़ घाटी में एक करोड़ की संपत्ति तबाह हुई थी। काजा-संधू राजमार्ग करीब 18 घंटे तक बंद रहा।
शुक्रवार को स्पीति उपमंडल के शिचलिंग नाले में अचानक आई बाढ़ में सेब से लहलाता 20 बीघा बगीचा समेत आलू और मटर के खेत तबाह हो गए हैं। घाटी में करीब तीन किलोमीटर लंबी नहर भी बाढ़ की चपेट में आने से ढह गई। दस मकानों को भारी नुकसान पहुंचा है। दो रिहायशी मकान बाढ़ में बह गए हैं। घटना की सूचना मिलते ही कार्यकारी एडीसी काजा राहुल चौहान आपदा प्रबंधन टीम के साथ शिचलिंग रवाना हुए। काजा प्रशासन ने बाढ़ से हुए नुकसान की रिपोर्ट सरकार को भेज दी है। राहुल चौहान ने बताया कि करीब ढाई करोड़ के नुकसान का अनुमान है। विधायक रवि ठाकुर ने पीड़ित परिवारों को तत्काल राहत राशि जारी करने के काजा प्रशासन को निर्देश दिए हैं। नुकसान के आकलन के बाद पीड़ित किसानों बागवानों को उचित राहत राशि दी जाएगी।

Related posts