
पौड़ी। थलीसैण विकासखंड के जल्लू गांव के ग्रामीणों ने राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण धूमाकोट पर सड़क डामरीकरण एवं सोलिंग कार्य के दौरान उनके उपजाऊ खेतों को नष्ट करने का आरोप लगाया है। उन्होंने प्रशासन से इस मामले में कार्रवाई करने की मांग की है।
जल्लू गांव निवासी राम सिंह नेगी, लालसिंह, रणजीत सिंह, दिनेश नेगी, मगन सिंह, बचन सिंह, दयाल सिंह आदि ने बताया कि बुआखाल-रामनगर राष्ट्रीय राजमार्ग में इन दिनों नैनीधार से सलौनधार तक सोलिंग और डामरीकरण कार्य चल रहा है। निर्माण कार्य के दौरान विभाग के ठेकेदार ग्रामीणों के नाप खेतों से पत्थर निकाल रहे हैं। ब्लास्टिंग भी की जा रही है। इससे ग्रामीणों के उपजाऊ खेत और फसल बर्बाद हो रहे हैं। उन्होंने बताया कि इस मामले में वे कई बार थलीसैण तहसील प्रशासन से भी शिकायत कर चुके हैं लेकिन कार्रवाई नहीं हो पा रही है। उन्होंने जिला प्रशासन से संबंधित विभाग के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि उपजाऊ खेतों को नुकसान पहुंचाना बंद नहीं किया गया तो आंदोलन होगा। राष्ट्रीय राजमार्ग धूमकोट के अधिशासी अभियंता बलराम मिश्र ने बताया कि यह मामला अभी उनके संज्ञान में नहीं आया है। यदि ठेकेदार दोषी पाया गया तो कार्रवाई की जाएगी।
