पुलिस ने दोपहिया वाहनों पर कसा शिकंजा

पांवटा साहिब (सिरमौर)। पांवटा पुलिस टीम ने आसपास क्षेत्र में चौकसी बढ़ा दी है। बद्रीपुर से अपहरण प्रयास एवं अधिकतर चैन स्नेचिंग मामलों में बाइकर्स ही शामिल रहे हैं। इसलिए पुलिस बाइकर्स पर खूब शिकंजा कस रही है। शहरी क्षेत्र में चार स्थलों पर नाके लगाए गए हैं। अवैध रूप से लंबे समय से चल रहे बिना नंबर के सड़कों पर दौड़ रहे बाइकों पर ज्यादा ध्यान फोकस किया जा रहा है। नियम कानून तोड़ने वालों पर तीन दिन के भीतर 175 से अधिक वाहनों के चालान कर 35 हजार जुर्माना राशि वसूली है। जबकि बिना नंबर एवं दस्तावेजों के चल रही 3 बाइक इंपाउंड की गई हैं।
विगत 30 जुलाई को पांवटा के बद्रीपुर वार्ड-4 की डॉ. जग्गा गली में अपहरण प्रयास की वारदात हुई। इसके बाद शहर एवं राज्य के सीमा बैरियरों पर पुलिस ने नाकाबंदी कर दी है। पांवटा शहरी क्षेत्र के विश्वकर्मा चौक, बांगरन चौक, वाई प्वाइंट, शमशेरपुर आईटीआई के समीप एवं बद्रीपुर में वाहनों की जांच की जा रही है। इस दौरान बीना नंबर-दस्तावेज के दोपहिया वाहन, ट्रीपल राइडिंग, बिना हेलमेट, नशा एवं तेज रफ्तार वाहनों पर नजर रखी जा रही है। तीन-चार दिनों से थाना प्रभारी भीष्म ठाकुर एवं ट्रैफिक पुलिस प्रभारी पांवटा नौख राम नाके पर जाकर स्वयं निरीक्षण कर रहे हैं। थाना पुलिस एवं ट्रैफिक पुलिस समेत चार टीमें वाहनों का निरीक्षण कर रही हैं।
उधर, थाना प्रभारी पांवटा भीष्म ठाकुर ने पुष्टि की है। एसएचओ ने कहा कि क्षेत्र की अधिकतर वारदातों में बाइकर्स ही शामिल रहे हैं। विगत 30 जुलाई को अपहरण प्रयास में भी आरोपी बाइक पर सवार होकर फरार हुआ। पिछले कुछ वर्षों के भीतर चैन स्नेचिंग समेत अधिकतर वारदातों में बाइक का ही आरोपियों ने इस्तेमाल लिया। इसलिए हेलमेट पहने बाइक सवार को भी जांच के बाद ही रवाना किया जा रहा है।

Related posts