
शिमला। राजधानी के होटलों में नालों के दूषित पानी की सप्लाई का खुलासा आखिर हो ही गया। ‘अमर उजाला’ ने 11 जून के अंक में शीर्षक ‘कई होटलों को नाले के पानी की सप्लाई’ से समाचार प्रकाशित कर आगाह किया था। शनिवार को उप महापौर टिकेंद्र पंवर ने चौड़ा मैदान के पास पानी के टैंकर को रुकवाकर पूछताछ की तो पता चला कि पानी राजधानी के नामी होटल में जा रहा है और कनलोग के पास नाले से पानी भरा गया है। उप महापौर ने फौरन टैंकर से पानी के सैंपल लेकर निगम की स्वास्थ्य शाखा में जांच के लिए भेज दिए हैं। होटल में सप्लाई के लिए नगर निगम का पानी टैंकर भेजा गया।
उल्लेखनीय है कि टुटीकंडी बाईपास पर लालपानी के समीप, कनलोग, ढली, तारादेवी के पास नालों से टैंकरों में पानी भरते हुए कभी भी देखे जा सकते हैं। होटलोें के लिए कारोबारी निजी टैंकरों से पानी मंगवा रहे हैं लेकिन पानी की गुणवत्ता की जांच नहीं की जा रही। होटलों में नहाने से लेकर खाना पकाने तक का काम इसी पानी से किया जा रहा है। कुछ टैंकर संचालक गंदे नालों से पानी भर कर होटलों तक पहुंचा रहे हैं।
पानी टैंकर के रेट
नगर निगम 1665 प्रति चार हजार लीटर
निजी टैंकर 2000 से 2500 प्रति चार हजार लीटर
टैंकर के लिए 2658916 पर करें संपर्क
पानी का टैंकर प्राप्त करने के लिए नगर निगम से संपर्क किया जा सकता है। रिज मैदान स्थित टैंक से पानी भरकर टैंकर से सप्लाई दी जाती है। सुबह 10:00 से शाम 5:00 बजे के बीच 0177-2658916 पर कॉल कर पानी के टैंकर की डिमांड की जा सकती है।
उपमहापौर टिकेंद्र पंवर ने शहरवासियों से निजी टैंकरों के बजाय नगर निगम के टैंकरों से पानी लेने का आग्रह किया है। उप महापौर ने कहा कि निगम रिज टैंक से पानी मुहैया करवाता है। यह पानी पीने योग्य होता है।
