
टनकपुर। राजकीय महाविद्यालय से निष्कासित छात्र के शनिवार को विद्यालय पहुंचने पर विद्यालय में हंगामा हो गया। प्राचार्या के छात्र को बाहर का रास्ता दिखाने पर वह मेनगेट पर बैठ गया। पुलिस ने छात्र को वहां से हटाया तब जाकर मामला शांत हुआ।
तीन दिन पहले (बृहस्पतिवार) प्रवेश आवेदन फार्म जमा करने को लेकर छात्र संघ उप सचिव दीपक बेलवाल और प्राध्यापकों में तीखी नोंकझोंक के बाद छात्रों ने कालेज में तालाबंदी कर प्रदर्शन शुरू कर दिया था। छात्र नेता ने प्राध्यापकों पर प्रवेश की कार्रवाई में छात्र-छात्राओं को बेवजह परेशान करने का आरोप लगाया, जबकि प्राध्यापकों ने छात्र नेता दीपक बेलवाल पर प्रवेश की कार्रवाई में बाधा पहुंचाने के साथ ही अभद्र व्यवहार और देख लेने की भी धमकी देना बताया था। फलस्वरूप प्राचार्या प्रो. करुणा खुन्नू ने छात्र नेता के खिलाफ कोतवाली में रिपोर्ट दे उसे दो सप्ताह के लिए कालेज से निष्कासित कर दिया था। शनिवार को छात्र नेता के महाविद्यालय आने पर हंगामा हो गया। प्राचार्या ने छात्र को बाहर का रास्ता दिखाया तो वह कहीं से कुर्सी लाकर कालेज के मेनगेट पर बैठ गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने छात्र नेता को वहां से हटाया।
