
रुड़की। शहर की महिलाओं पर आतंक बनकर टूटने वाले दो चेन लुटेरों को पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार करने का दावा किया है। पुलिस के मुताबिक, रुड़की के सफरपुर तिराहे के पास घेराबंदी करने पर दोनों बदमाशाें ने पुलिस पर फायरिंग की थी। आरोपियों के कब्जे से सोने की दो चेन और देशी पिस्टल तथा तमंचा बरामद हुआ है। दोनों आरोपियों ने शहर में चेन लूट की कई घटनाओं को अंजाम देने की बात कबूली है।
शुक्रवार को गंगनहर कोतवाली में सीओ उत्तम सिंह नेगी ने बताया कि शहर में कुछ माह से चेन लूट गिरोह ने आतंक मचा रखा था। इस बीच पुलिस को सूचना मिली कि सफरपुर तिराहे के पास डिस्कवर बाइक सवार दो बदमाश वारदात करने के इरादे से घूम रहे हैं। सूचना पर इंस्पेक्टर डीएस भंडारी, एसओजी प्रभारी मोहम्मद यासीन, एसएसआई रफत अली की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घेराबंदी की तो बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी लेकिन पुलिस ने घेराबंदी के आगे बदमाश भाग नहीं सके और पुलिस ने दोनों को धर दबोचा। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम इरशाद उर्फ लड्डू निवासी किदवईनगर मक्खीनगर के पास खालापार मुजफ्फरनगर बताया। उसके पास से एक चेन तथा देसी पिस्टल बरामद हुई। दूसरे ने अपना नाम यूनुस खान निवासी मोहम्मद नदीम कालोनी थाना कुतुबशेर सहारनपुर बताया। सीओ उत्तम सिंह नेगी ने बताया कि पूछताछ में दोनाें आरोपियों ने 30 अगस्त को नेहरू स्टेडियम के पास महिला से चेन लूटने की बात कबूली है। कुछ दिन पूर्व बीटी गंज में भी वृद्ध महिला से चेन लूटने की बात कबूल की है। सीओ नेगी ने बताया कि आरोपियों ने गत माह डोमिनोज के पास चेन लूटने का प्रयास करते हुए फायरिंग भी की थी। पंतविहार कालोनी में भी महिला से चेन लूटी थी। लंढौरा में चेन लूट की वारदात को अंजाम दिया था। आरोपियों की निशानदेही पर भगवानपुर क्षेत्र से एक स्पलेंडर बाइक भी बरामद की गई है। पुलिस ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ यूपी में कई मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस टीम को डीआईजी की ओर से पांच हजार और एसएसपी की ओर से ढाई हजार रुपये के इनाम देने की घोषणा की गई है।
ढाई माह पहले जमानत पर रिहा हुआ था लड्डू
रुड़की। शहर में चेन लूट की वारदात कर दहशत फैलाने के आरोपी ढाई माह पहले ही जमानत पर रिहा होकर जेल से बाहर आए थे। गंगनहर कोतवाली के इंस्पेक्टर डीएस भंडारी ने बताया कि पुलिस के हत्थे चढ़े दोनों आरोपी काफी शातिर हैं। इरशाद उर्फ लड्डू के खिलाफ मुजफ्फरनगर और मेरठ के विभिन्न थानों में करीब आठ मुकदमे दर्ज हैं। आरोपी इरशाद उर्फ लड्डू करीब ढाई माह पहले जमानत पर जेल से रिहा हुआ था। जबकि आरोपी यूनुस का आपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है। वह रुड़की में हुई वारदातों में शामिल रहा है।
