रतमोली की जल विद्युत परियोजना ध्वस्त

बागेश्वर। ग्राम रतमोली में उरेडा की जल विद्युत परियोजना गत दिनों हुई भीषण बारिश से ध्वस्त हो गई है। योजना ध्वस्त होने से गांव के सौ परिवार अंधेरे में रात काटने को मजबूर हैं। ग्रामीणों के एक शिष्टमंडल ने बिजली विभाग के अधिशासी अभियंता से मुलाकात कर गांव को बिजली से जोड़ने की मांग की है।
ग्रामीणों का कहना है कि 2005 में उनके गांव के लिए उरेडा ने लघु जल विद्युत परियोजना का निर्माण किया था। इस योजना से रतमोली, खोली और आमखेत के 100 परिवारों को बिजली दी गई। गत 13 से 18 जून के बीच हुई भीषण बारिश से योजना ध्वस्त हो गई। तब से लेकर आज तक उनका गांव अंधरे में डूबा हुआ है। ग्रामीणों का कहना है योजना जब से बनी तब से वहां तकनीशियन नहीं होने से यह सर्दी और गर्मी में बंद ही रहती है। ज्येष्ठ उप ब्लाक प्रमुख सुरेंद्र सिंह गंगोला के नेतृत्व में शुक्रवार को ग्रामीणों का शिष्टमंडल बिजली विभाग के अधिशासी अभियंता से मिला। उन्होंने गांव को बिजली लाइन से जोड़ने की मांग की। शिष्टमंडल में कुशाल सिंह, हयात सिंह, भगवान सिंह, कुशाल सिंह, प्रेम सिंह, हरक सिंह, भूपाल सिंह, पुष्पेंद्र सिंह आदि शामिल थे। ग्रामीणों का कहना है कि उरेड़ा ने भी यूपीसीएल को अनापत्ति प्रमाण पत्र दे दिया है।

Related posts