
श्रीनगर। भक्तियाना क्षेत्र में आपदा के बाद सड़क का मलबा साफ करने के दौरान डीजीबीआर की जेसीबी से टूटी चौहान मोहल्ले की पुलिया को स्थानीय लोगों ने खुद ही बना लिया। लोगों ने कई बार नगरपालिका से इसके निर्माण की मांग की लेकिन इस पर ध्यान नहीं दिया गया।
बाढ़ के पानी से जलमग्न हुए राष्ट्रीय राजमार्ग के मलबे की सफाई के दौरान डीजीबीआर की जेसीबी से चौहान मोहल्ले की पुलिया टूट गई थी। कुंवर सिंह चौहान ने बताया कि पुलिया के टूटने से चौहान मोहल्ले के 25 परिवारों को आवाजाही में परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। नगरपालिका से शिकायत करने के बावजूद जब 15 दिन बाद भी पुलिया नहीं बनाई गई तो हमने खुद पुलिया बनाने की ठानी। महावीर नेगी ने बताया के पुलिया के टूटने से बच्चों को स्कूल भेजने में भी परेशानी हो रही थी। शुक्रवार को ईद का अवकाश होने पर हम लोग खुद इसे बनाने में जुट गए हैं। पुलिया बनाने में महावीर नेगी, सुरेंद्र सजवाण, त्रिलोक सिंह रौथाण, लक्ष्मी देवी, मनवीर उनियाल आदि लोग शामिल रहे।
