
शिमला। जिले के ऐतिहासिक देव स्थलों और मंदिरों की बेशकीमती संपत्ति की सुरक्षा पर अभी भी खतरा है। जिले के सैकड़ों मंदिरों में चोरी की वारदातों से निपटने को किसी तरह के प्रबंध नहीं। बछुंछ मंदिर में चोरी की वारदात के बाद पुलिस महकमे की ओर से मंदिर समितियों से आग्रह किया जा रहा है कि मंदिरों में सुरक्षा के मद्देनजर सीसीटीवी और थेफ्ट अलार्म लगाएं। किसी भी तरह की संदिग्ध गतिविधियां सीसीटीवी में कैद हो जाएंगी। जिले के नब्बे फीसदी मंदिरों में इस तरह वारदातों से निपटने को कुछ नहीं। दूरदराज इलाकों में स्थित इन मंदिरों की संपत्तियों पर चोरों की नजर रहती है, जो मौका देखकर सब समेट कर ले जाते हैं। जिले में ऐसे साढ़े पांच सौ से अधिक मंदिर हैं। ग्रामीण हल्कों में सुरक्षा के कोई इंतजाम नहीं। इन इलाकों में चोरियों की संभावनाएं अधिक रहती हैं। मजदूरों के भेष में कई आपराधिक किस्म के लोग पहुंच रहे हैं। कुछ महीने काम करने के बाद इलाके की टोह ले लेते हैं और वारदात को अंजाम देने के बाद आसानी से निकल जाते हैं। अधिकांश बिना पंजीकरण के ही इलाके में रहते हैं। रोहड़ू के बछुंछ गांव के ऐतिहासिक बौंद्रा मंदिर में हुई चोरी इसका सबसे बड़ा उदाहरण है। पुलिस अधीक्षक अभिषेक दुल्लर ने कहा कि सभी मंदिर कमेटियों से आग्रह किया जा रहा है कि वह मंदिरों में सीसीटीवी कैमरे और थेफ्ट अलार्म लगाए। सुरक्षा के मद्देनजर यह बहुत जरूरी है। इसके अलावा मंदिरों में चौकीदार रखें।
—
मंदिरों में अब तक की बड़ी चोरियां
– किन्नौर कामरूनाग मंदिर में तीन करोड़ की मूर्ति चोरी
– कुल्लू में परशुराम मंदिर से लाखों की मूर्ति और सोना चांदी चोरी ।
– नेवली माता मंदिर में प्राचीन आभूषण तथा शालिग राम की मूर्ति चोरी।
– रामपुर देवठी के देवता मंदिर की छह अष्टधातु की मूर्तियां चोरी।
– रोहड़ू हाटकोटी मंदिर से गणेश की दुर्लभ मूर्ति चोरी।
– ठियोग के समोल गांव के डोम देवता मंदिर से मूर्तियां चोरी।
– कामाक्षा मंदिर से चांदी के नगाड़े चोरी।
– बालूनाग देवता से मूर्ति चोरी।
– चौपाल के मढ़ोग मंदिर से अष्टधातु की 13 मूर्तियां चोरी।
– चिड़गांव के चिचवाड़ी प्रवासी देवता के मंदिर से एक करोड़ 23 लाख का सोना और चांदी की मूर्तियां चोरी।
– विहार मंदिर निरमंड के खाद देवता मंदिरों में चोरी।
– मंडी में हरि राम मंदिर से चोरी।
– तीसा के शक्ति माता मंदिर से चांदी की मूूर्ति और 150 किलो का चांदी का छत्र चोरी।
– लाहौल स्पीति काजा के कुंजम दर्रे से अष्टधातु की करोड़ों की पांच मूर्तियां चोरी।
– सिरमौर राजगढ़ शिरगुल मंदिर से अष्टधातु की पांच मूर्तियां चोरी।
– नाहन काथला माता मंदिर में चोरी।
– शूलिनी माता मंदिर की दो मूर्तियां सोने के आठ मुकुट चोरी।
– कांगड़ा के गगल के समीप काथला मंदिर से 50 किलोग्राम पीतल की मूर्ति चोरी।
