
चंपावत। धौन कस्बे के ग्रामीण इन दिनों लावारिस जानवरों के आतंक से त्रस्त हैं। ग्रामीणों का कहना है कि चंपावत और लोहाघाट आदि नगरों से रात में लावारिस पशुओं को वाहनों के जरिए धौन और आसपास के क्षेत्रों में छोड़ दिए जाने से उनका जीना मुहाल हो गया है। यह जानवर न सिर्फ खेतों में फसलों को नुकसान पहुंचा रहे हैं। बल्कि राजमार्ग में खड़े होकर यातायात संचालन में भी बाधा उत्पन्न कर रहे हैं। इस संबंध में परिर्वतन पार्टी की जिला इकाई ने प्रशासन से जानवरों से निजात दिलाने की मांग उठाई। कहा यदि जल्द समस्या हल नहीं हुई तो आंदोलन किया जाएगा।
परिवर्तन पार्टी जिलाध्यक्ष सुरेश उप्रेती और महासचिव लीलाधर भट्ट का कहना है कि धौन क्षेत्र में लावारिस जानवरों के कारण काश्तकारों की फसलें चौपट होने लगी हैं। उन्होंने पुलिस प्रशासन से इस कार्य में लिप्त वाहनों के खिलाफ कार्रवाई किए जाने की मांग उठाई है। उनका कहना है कि चंपावत और लोहाघाट नगर के लावारिस जानवरों को रात्रि में चोरी छिपे वाहनों के जरिए धौन क्षेत्र में छोड़ा जा रहा है। उन्होंने रात्रि में बनलेख बैरियर में वाहनों की सघन पुलिस चेकिंग किए जाने, घूम रहे जानवरों को अन्यत्र भेजे जाने की मांग उठाई है।
