उधर सब्जियां सड़ रही, इधर आसमान छू रहे दाम

उत्तरकाशी। भटवाड़ी क्षेत्र के गांवों में भले ही सब्जियां सड़ रही हाें लेकिन उत्तरकाशी नगर क्षेत्र में दाम आसमान छू रहे हैं। गरीब तबका दाल-रोटी से काम चलाने को मजबूर है। महंगाई के चलते बाजार में सब्जी की बिक्री भी 60 फीसदी कम हो गई। सब्जी विक्रेता ग्राहको की राह ताक रहे हैं।
भटवाड़ी विकासखंड के गांवों में आलू, गोभी, भिंडी, टमाटर, ककडी़, शिमला मिर्च, कद्दू, लौकी, करेला सहित अन्य सब्जियां भारी मात्रा में उत्पादित होती है। सब्जियां तो खेतों में तैयार हुई हैं लेकिन आपदा से बंद हुई सड़कों के नहीं खुलने से बाजार तक नहीं पहुंच पा रही हैं। उत्तरकाशी नगर सहित अन्य कस्बों के लोग मैदानी एवं अन्य जिलों की सब्जियों पर निर्भर है। लोकल सब्जियाें के बाजार में न पहुंचने से सब्जियाें के दाम आसमान छू रहे हैं। गत वर्ष सावन में पहाड़ी आलू 8 से 10 रुपये किलो मिल रहा था लेकिन इस बार 20 से 25 रुपये किलो मिल रहा है। लोकल ककड़ी 40 से 50 रुपये प्रति किलो मिल रही है। टमाटर, भिंडी, करेला के दाम भी बढ़ते जा रहे हैं।

दिन-प्रतिदिन बढ़ रहे सब्जियों के दामों से रसोई का बजट गड़बड़ा गया है। पहले 30 से 40 रुपये में दो वक्त की सब्जी आ जाती थी लेकिन अब 100 रुपये में भी दो वक्त की सब्जी नहीं मिल रही। ऐसे में कभी-कभी दाल-रोटी में काम चलाना पड़ रहा है। – कुसुमलता, विमला रमोला, मंजू, सरिता देवी, गृहिणी

कोट
सड़क, संपर्क मार्ग बंद होने से भटवाड़ी क्षेत्र की सब्जियां बहुत कम मात्रा में मंडी तक पहुंच रही हैं। मैंडखाल टिहरी, चंबा सहित अन्य क्षेत्राें से सब्जी उत्तरकाशी पहुंच रही है। इससे सब्जियों के दाम बढ़ रहे हैं। – तस्दीक खान, सचिव मिनी व्यापार मंडल

सब्जियों के दाम रुपये प्रति किलोग्राम
सब्जी जुलाई 2013 जुलाई 2012
आलू 20-25 8-10
ककड़ी 40-50 6-8
टमाटर 40-60 20-30
भिंडी 35-40 20-25
बैंगन 40-50 25-30
पत्ता गोभी 30-40 10-15v

Related posts