
शिमला। हिमाचल प्रदेश परिवहन निगम अब बसों की चैसी नहीं बल्कि रेडीमेड बसें खरीदेगा। निगम के बेड़े में शीघ्र ही 500 नई बसें शामिल की जानी हैं। इस बार निगम गोवा से तैयार बसें ही लाएगा। इससे पहले निगम कंपनियों से चैसी खरीदता रहा है और बाडी अपनी कार्यशालाओं में लगाता था। इस बार निगम प्रबंधन ने सीधे ही कंपनी से रेडिमेड बसें खरीदने का फैसला लिया है। निगम का दावा है कि इससे बसों को जल्द सड़कों पर उतारा जा सकेगा। निगम के अधिकारी गोवा में बसों को मंजूर कर आए हैं। पूर्व प्रबंध निदेशक की अगुवाई में अधिकारियों की टीम ने गोवा का दौरा किया था।
पूर्व सरकार के समय में जो खाकी रंग की बसें आई थीं, उसे निगम ने इस बार खरीदने से इनकार कर दिया है। अब हिमाचल परिवहन निगम के रंग की बसों को खरीदा गया है। इस बार निगम के बेड़े में 300 बसें जीरो वैल्यू पर थी, इन्हें बदलने की तैयारी शुरू कर दी है। जीरो वैल्यू की बसें निगम के बेड़े से बाहर होंगी और नई बसों को शामिल किया जाना प्रस्तावित है। इन बसों की खरीद के लिए निगम प्रबंधन को राज्य सरकार ने प्रदेश के बजट में ही पैसे का प्रावधान कर दिया था। इस लिए इनकी खरीद के लिए निगम को अलग से बजट की व्यवस्था नहीं करनी होगी।
निगम के प्रबंध निदेशक आरएन बत्ता ने बताया कि निगम की बसें बाडी के साथ ही खरीदी जा रही हैं। कंपनी से लगी हुई बाडी की आयु ज्यादा रहती है। इसलिए प्रबंधन ने बाडी के साथ ही बसें लाने का फैसला लिया है।
