युद्ध लड़ लिया; हक की लड़ाई बाकी

धर्मशाला। भूतपूर्व सैनिक लीग का जिला स्तरीय सम्मेलन धर्मशाला स्थित सैनिक विश्राम गृह में रविवार को हुआ। इसमें सैनिकों की समस्याओं व मांगों पर विस्तार से चरचा की गई। सैनिकों ने वन रैंक वन पेंशन की लड़ाई जारी रखने का निर्णय लिया। इस मौके पर कांगड़ा यूनिट के चेयरमैन कैप्टन डीआर शर्मा ने पूर्व सैनिकों को संबोधित करते हुए कहा कि युद्ध तो लड़ लिया है, लेकिन संपन्न जीविका की लड़ाई बाकी है। संपन्न जीविका बिना लड़ाई के मिलना मुमकिन नहीं दिखता। स्नसके चलते पूर्व सैनिकों का अपने हकों की खातिर सरकार के साथ संघर्ष जारी रहेगा।
वहीं पूर्व सैनिकों ने नायब सूबेदार को सुप्रीम कोर्ट व आर्म्ड फोर्स ट्रिब्यूनल के आदेशों के बावजूद पूरी पेंशन न दिए जाने के मामले पर कड़ा रोष जताया। सम्मेलन में मौजूद सैकड़ों पूर्व सैनिकों ने लीग के पदाधिकारियों के समक्ष अपनी समस्याओं को रखा। इनमें सेना अस्पतालोें में भी उन्हें बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं न मिल पाना, अस्पताल में बेहतर व्यवहार न होना आदि। इसके अलावा पूर्व सैनिकों ने वीर नारियों की पेंशन में 65 साल की उम्र के बाद कटौती न किए जाने तथा रिवाइज्ड पेंशन दिए जाने की भी मांग की। पूर्व सैनिकों ने दो नौकरियां करने पर दोनों पेंशन देने की भी मांग रखी। इसके अलावा वीर नारियों को पेंशन लगने में आ रही दुविधाओं को दूर करने की भी मांग की गई। यह सम्मेलन लीग के प्रदेशाध्यक्ष मेजर विजय सिंह मनकोटिया व कांगड़ा में लीग के संस्थापक एडवोकेट किशोरी ठाकुर की उपस्थिति में हुआ।

पुरानी कार्यकारिणी को कमान
धर्मशाला में आयोजित सम्मेलन के दौरान भूतपूर्व सैनिक लीग के त्रैवार्षिक चुनाव भी करवाए गए। इसमें पुरानी कार्यकारिणी पर ही विश्वास जताते हुए उसे दोबारा से जिम्मेवारी सौंपी गई। लीग के चेयरमैन कैप्टन डीआर शर्मा, वाइस चेयरमैन कैप्टन वाईएस राणा, सचिव व कोषाध्यक्ष कैप्टन बिहारी लाल को दोबारा से जिम्मेवारी सौंपी गई। चुनाव लीग के संस्थापक एडवोकेट किशोरी ठाकुर की अध्यक्षता में हुए।

Related posts