
श्रीनगर/पौड़ी। स्वास्थ्य मंत्री सुरेंद्र सिंह नेगी ने पालिका सभागार में आयोजित बैठक में शहर के आपदा प्रभावित क्षेत्रों और क्षति की जानकारी अधिकारियों से ली। उन्होंने आपदा प्रभावितों को हरसंभव सहायता का वादा किया। उन्होंने आपदा प्रभावित क्षेत्रों की गर्भवती महिलाओं को प्रसव तिथि से दस दिन पूर्व ही स्वास्थ्य केंद्रों में पहुंचाने के निर्देश डीएम को दिए। इस कार्य के लिए उन्होंने आशा कार्यकर्त्रियों, जनप्रतिनिधियों, महिला समाख्या सेवा कर्मियों और आम जन से भी मदद का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि देश में न्यूरो सर्जन और रेडियोलॉजिस्ट की कमी के कारण गढ़वाल क्षेत्र में इनकी तैनाती नहीं हो पा रही है। उन्होंने बताया कि बीआरओ और लोनिवि को सड़कें दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए हैं। बरसात का मौसम देखते हुए पेयजल संबंधी बीमारियों से बचने के लिए क्लोरीन की गोलियां भी वितरित की जाएंगी।
पौड़ी में आयोजित पत्रकार वार्ता में स्वास्थ्य मंत्री सुरेंद्र सिंह नेगी ने कहा कि आपदा प्रभावित जिलों में डायरिया के अतिरिक्त अन्य किसी बीमारी की आशंका नहीं है। उन्होंने सभी जिलों के स्वास्थ्य अधिकारियों को बरसात में पेयजल से होने वाली संक्रामक बीमारियों को लेकर सचेत रहने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि भूस्खलन से प्रभावित गांवों का वैज्ञानिक तरीके से विस्थापन किया जाएगा। छोटे व्यवसायों से जुडे़ लोगों और किराए पर दुकान चलाने वालों को मुआवजा देने को निर्देशित किया गया है। प्रभावितों को हर संभव मदद मिलेगी।
फोटो फाइल नेम-26जीओपी01.जेपीजी
सड़कें तत्काल खोलें अधिकारी : नेगी
गोपेश्वर। स्वास्थ्य मंत्री सुरेंद्र सिंह नेगी ने लोनिवि के अधिकारियों को मंडल-ऊखीमठ, नंदप्रयाग-घाट, सोनला-कंडारा और गोपेश्वर-पोखरी मोटर मार्गों को तत्काल ठीक करने के निर्देश दिए।
पालिकाध्यक्ष संदीप रावत ने कहा कि क्षेत्र के कोठियालसैंण मोहल्ले के नीचे हो रहे भू-कटाव को रोकने के लिए शीघ्र कार्रवाई होनी चाहिए। मंत्री ने डीएम को स्टीमेट तैयार करने के निर्देश दिए। जल संस्थान के अधिकारियों ने कहा कि आपदा से क्षतिग्रस्त 52 इस्टीमेट बनाए गए हैं, जिन पर शीघ्र कार्य शुरू किया जा रहा है। पत्रकार वार्ता में मंत्री ने कहा कि दुर्गम क्षेत्रों की एएनएम यदि सुगम स्थानों में संबद्ध हैं, तो उनका संबद्धीकरण निरस्त कर उन्हें मूल स्थान पर भेजा जाएगा। बदरीनाथ धाम के साथ ही सीमावर्ती ग्रामीण क्षेत्रों में चिकित्सकों की टीम भेजी गई है।
