डीडीओ वित्तीय मामलों पर रखें नजर

सोलन। हिमाचल प्रदेश महालेखाकार की तरफ से सोलन में आहरण एवं वितरण अधिकारियों तथा कर्मचारियों के लिए आयोजित दो दिवसीय कार्यशाला के समापन अवसर पर उपमहालेखाकार विवेक भास्कर ने कहा कि प्रत्येक आहरण एवं वितरण अधिकारी को वित्तीय मामलों की जानकारी होना जरूरी है। इससे किसी प्रकार की अनियमितताएं होने की संभावना नहीं रहती।
उन्होंने कहा कि महालेखाकार का यही उद्देश्य है कि प्रदेश के सभी जिलों में अधिक से अधिक अधिकारी और कर्मचारी सेवा नियमों व वित्तीय मामलों की जानकारी से परिपूर्ण हों, इसके लिए कार्यशालाओं का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि वित्तीय मामलों की सही जानकारी होने से कर्मचारियों को सेवा के दौरान तथा सेवा उपरांत मिलने वाले लाभ देने में विलंब नहीं होता और न ही किसी प्रकार की आशंका रहती है। महालेखाकार कार्यालय को प्रेषित किए जाने वाले वित्तीय मामलों में यदि किसी प्रकार की कमी रह जाए तो इसे दूर करने में काफी विलंब हो जाता है, जिससे कर्मचारी को समय पर लाभ नहीं मिलता तथा मानसिक पीड़ा भी रहती है। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से कहा कि वित्तीय मामलों में प्रदेश सरकार द्वारा समय-समय पर जारी अधिसूचनाओं का समुचित अध्ययन करें तथा इसकी जानकारी से अपडेट रहे।
कार्यशाला में महालेखाकार कार्यालय के लेखा अधिकारी नागेंद्र सिंह ने पेंशन मामलों पर विस्तारपूर्वक जानकारी अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रदान की। लेखा अधिकारी विजय कुमार ने सामान्य भविष्य निधि और तिलक राज ने कर्मचारियों को मिलने वाले आवास ऋण के बारे में बताया। जिला कोषाधिकारी सोलन अरूण ओझा ने धन्यवाद किया तथा अंशदान पेंशन योजना के बारे में जानकारी दी। कार्यशाला में सोलन के विभिन्न विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों ने भाग लिया।

Related posts