
हल्दूचौड़। राजकीय इंटर कालेज हल्दूचौड़ में दो छात्रों के बीच हुए मामूली विवाद में कक्षा में लात-घूंसे चल गए। तीन छात्रों ने मिलकर एक छात्र को इतनी बुरी तरह पीटा कि वह बेहोश हो गया। उसे सुशीला तिवारी अस्पताल हल्द्वानी भर्ती कराया गया है। घटना के बाद तीनों छात्र विद्यालये से निस्कासित कर दिए गए हैं। यह मामला पुलिस तक पहुंचने के बाद जांच शुरू हो गई है। पुलिस का कहना है कि आरोपी छात्रों के खिलाफ तहरीर मिलने पर उनकी गिरफ्तारी की जाएगी।
जीआईसी हल्दूचौड़ में प्रार्थनासभा से पूर्व कक्षा 11वीं वाणिज्य के छात्र सागर सिंह चौहान पुत्र कल्लू सिंह चौहान निवासी बमेटा बंगर खीमा और उसी कक्षा के नवीन पांडे पुत्र हरीश चंद्र पांडे निवासी इंद्रानगर प्रथम बिंदुखत्ता का आपस में किसी बात पर झगड़ा हुआ। इसकी जानकारी जब नवीन पांडे के बडे़ भाई कक्षा 11वीं विज्ञान वर्ग के छात्र गोकुल पांडे को मिली तो वह अपनी कक्षा से अपने साथी तरुण कुमार पुत्र प्रताप राम निवासी इंद्रानगर प्रथम के साथवाणिज्य की कक्षा में पहुंच गया। नवीन, गोकुल और तरुण ने मिलकर सागर की कक्षा में भरे छात्रों के बीच जमकर पिटाई कर दी। इतने लात-घूंसे चलाए गए कि सागर कक्षा में ही बेहोश हो गया। कक्षा के अन्य छात्रों ने इसकी सूचना अध्यापकों और प्रधानाचार्य को दी।
प्रार्थना सभा से प्रधानाचार्य सभापती दुबे कक्षा में पहुंचे और साथ में लालकुआं कोतवाली और सागर सिंह के परिजनों को सूचना दी गई। परिजन ग्राम प्रधान मुकेश दुम्का की मदद से घायल छात्र को उपचार के लिए सुशीला तिवारी अस्पताल ले गए। इधर, विद्यालय प्रशासन की बैठक में सर्वसम्मति बनने के बाद सहायक प्रधानाचार्य ने तीनों छात्रों के परिजनो को विद्यालय बुलाया और उन्हें विद्यालय से निस्कासित कर दिया गया। कक्षा में हुई इस हिंसक घटना से अन्य छात्र भी डर गए। इधर, पुलिस ने मामला संज्ञान में आने के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर घूम रहे छात्रों से घटना को लेकर पूछताछ की। एसआई जीएस अधिकारी ने मौके पर पहुंचकर बताया कि अभी तक घायल छात्र की तहरीर नहीं आई है। तहरीर आने पर तीनों छात्र गिरफ्तार होंगे। वहीं, भाजपा अनुशासन समिति के प्रदेश अध्यक्ष नवीन चंद्र दुम्का ने घटना की निंदा करते हुए कहा कि मामले के लिए दोषी विद्यालय का स्टाफ भी है। विद्यालय परिसर के भीतर ऐसी घटना होना विद्यालय प्रशासन की कमियां उजागर करता है।
