
मंडी। जिला उपभोक्ता फोरम ने बीमा कंपनी को उपभोक्ता का वाहन ठीक करने और 80 हजार की राशि 20 दिन में अदा करने के आदेश दिए हैं। इसके अलावा कंपनी की सेवाओं में कमी के कारण उपभोक्ता को हुई परेशानी के बदले 5000 और शिकायत व्यय के तौर पर 3000 भी अदा करने के आदेश दिए। जिला उपभोक्ता फोरम के अध्यक्ष जेएन यादव और सदस्यों रमा वर्मा एवं लाल सिंह ने मैसर्ज हिमाचल ट्रेडिंग कंपनी के प्रो. भगवाहन मुहल्ला निवासी चेतन शर्मा की शिकायत को उचित मानते हुए रिलायंस जनरल इंश्योरेंस को उपभोक्ता का वाहन कैश लेस आधार पर रिपेयर करने या वाहन का मुआवजा असलियत में हुए नुकसान के आधार पर बीस दिन में अदा करने के आदेश दिए। इसके अलावा उक्त राशि की अदायगी 9 प्रतिशत ब्याज दर सहित करने के आदेश दिए। अधिवक्ता विक्रांत शर्मा के माध्यम से फोरम में दायर शिकायत के अनुसार उपभोक्ता ने अपनी टोयोटा इनोवा कार को कंपनी के पास बीमाकृत करवाया था। बीमा अवधि के दौरान ही उपभोक्ता का वाहन भ्यूली पुल के पास दुर्घटना में क्षतिग्रस्त हो गया। दुर्घटना के बाद उपभोक्ता ने बीमा कंपनी को फोन और ई-मेल के माध्यम से सूचित किया था। जिस पर कंपनी ने सर्वेयर की तैनाती करके नुकसान का आकलन किया था। उपभोक्ता ने कंपनी के कहने पर वाहन को कारनेशन आटो इंडिया चंडीगढ़ के पास भेजा था। कंपनी ने आश्वासन दिया था कि उनका मुआवजा जल्द ही तय कर दिया जाएगा। जब उपभोक्ता को कोई सूचना नहीं दी गई तो उपभोक्ता चंडीगढ़ स्थित आटो इंडिया के पास गए। यहां उन्हें मालूम पड़ा कि वाहन को ठीक नहीं किया गया है। जबकि आटो इंडिया ने उपभोक्ता से 80 हजार की पार्किंग राशि वसूल कर ली। इस पर उपभोक्ता ने फोरम में शिकायत दर्ज करवाई थी। फोरम ने अपने फैसले में कहा कि उपभोक्ता का वाहन कंपनी के पास बीमाकृत था। कंपनी के कहने पर ही उपभोक्ता ने अपने वाहन को चंडीगढ़ भेजा था। यह बीमा कंपनी का दायित्व बनता है कि उपभोक्ता के वाहन को कैश लेस आधार पर रिपेयर किया जाए। फोरम ने कंपनी के क्रियाकलापों को सेवाओं में कमी करार देते हुए यह फैसला सुनाया।
