बिलासपुर कालेज में फिर हाथापाई

बिलासपुर। राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय बिलासपुर में तनाव बरकरार है। दो छात्र संगठनों के बीच एक छात्रों पर कथित फब्तियां कसने से माहौल गरमाया हुआ है। वीरवार को भी दोनों छात्र संगठनों के विद्यार्थी आपस में उलझ गए। प्राचार्य के दफ्तर में ही छात्र संगठन एक दूसरे पर हाथापाई के लिए उतारू हो गए। हालांकि, पुलिस टीम ने विद्यार्थियों को हस्तक्षेप के बाद अलग-अलग किया।
केंद्रीय छात्र संघ के चुनावों के लिए अब छात्र संगठन तैयार है। कालेज में माहौल गहमा-गहमी भरा हो गया है। एक दूसरे पर हाबी होने के लिए आरोप-प्रत्यारोप का दौर भी तेज हो गया है। केंद्रीय छात्र संघ चुनावों में जीत हासिल करने के सभी छात्र संगठन सक्रिय हो चुके हैं। यहां तक कि छात्र संगठन कार्यकर्ता प्राचार्य दफ्तर में भी हाथापाई करने से गुरेज नहीं कर रहे हैं। वीरवार को भी केंद्रीय छात्र संघ चुनावों के चलते कालेज में सभी छात्र संगठन सक्रिय रहे। इसके चलते अधिकतर कक्षाएं सुचारु रूप से नहीं चल पाई। इस दिन पूर्व में हुए लड़की छेड़छाड़ मामले में लड़की के अभिभावक प्राचार्य से मिलने कालेज पहुंचे। इस दौरान विभिन्न छात्र संगठन के कार्यकर्ता किसी बात को लेकर प्राचार्य के समक्ष ही हाथापाई पर उतर आए। मामले को शांत करने के लिए पुलिस प्रशासन को हस्तक्षेप करना पड़ा। यहां तक कि कालेज प्राचार्य ने भी हस्तक्षेप किया। तब कहीं जाकर मामला शांत हुआ। वहीं, अब कालेज प्रशासन द्वारा पुलिस का सहयोग लिया जा रहा है। कालेज में शरारती तत्वों पर कड़ी नजर रखी जा सके।
कालेज प्राचार्य आरपी चोपड़ा ने कहा कि छेड़छाड़ मामले में लड़की व लड़के के अभिभावकों को शुक्रवार के दिन बुलाया गया है। दोनों पक्षों के बीच बातचीत हो सके। कालेज में बच्चों की पढ़ाई कभी भी बाधित नहीं होगी।

Related posts