केंद्र सरकार की परिभाषा ने किया गरीबों के साथ मजाक, चुकानी होगी कीमत: चौहान

केंद्र सरकार की परिभाषा ने किया गरीबों के साथ मजाक, चुकानी होगी कीमत: चौहान

उज्जैन: मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने केंद्र की कांग्रेसनीत संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) सरकार की आलोचना करते हुए आज कहा कि उसने गरीबी संबंधी नई परिभाषा गढ़कर गरीबों के साथ मजाक किया है और उसे इसकी कीमत आने वाले चुनावों में चुकाना होगी।

जन आशीर्वाद यात्रा पर निकले चौहान ने उज्जैन जिले के नागदा में पत्रकारों से कहा कि लगता है कि केंद्र सरकार कागजों पर गरीबी हटाने के प्रयास में जुटी हुई है। योजना आयोग के इस संबंध में ताजे आकड़े भी भ्रम पैदा करने वाले प्रतीत होते हैं। उन्होंने केंद्र सरकार से मांग की कि योजना आयोग के माध्यम से वास्तविक आकड़े जारी किए जाएं। अपनी यात्रा के तीसरे दिन चौहान ने कहा कि देश में पेट्रोल और डीजल के दाम लगातार बढ़ रहे हैं।

केंद्र सरकार महंगाई रोकने में लगातार असफल साबित हो रही है। रुपए की कीमत भी कम होती जा रही है। यह सब स्थितियां देशहित में नहीं हैं। उन्होंने कहा कि 22 जुलाई से उज्जैन में शुरू हुई जन आशीर्वाद यात्रा को अपार समर्थन मिल रहा है। उन्होंने कहा कि इसकी वजह यह है कि राज्य की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार ने सभी वर्गों के लिए बगैर किसी भेदभाव के काम किए।

ढांचागत सुविधाओं के विकास पर भी जोर दिया गया और अब सड़क, बिजली और अन्य क्षेत्रों में हुई प्रगति दिखाई देने लगी है। इस मौके पर भाजपा के उपाध्यक्ष प्रभात झा और अन्य नेता भी मौजूद थे।

Related posts