
बिलासपुर। चंडीगढ़-मनाली राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के लिए अलग-अलग जोन बनाकर हाइवे पेट्रोलिंग टीमें तैनात की जाएंगी। इसका उद्देश्य यह है कि किसी स्थान पर ट्रैफिक जाम होने अथवा कोई हादसा होने पर संबंधित जोन की टीम तत्काल मौके पर पहुंचकर कारगर कदम उठा सके। इससे जहां वाहनों की आवाजाही सुचारु रह सकेगी, वहीं कोई हादसा होने पर घायलों को तुरंत चिकित्सीय सहायता मुहैया कराने में भी मदद मिलेगी।
बिलासपुर में पुलिस अधीक्षक का कार्यभार संभालने के बाद बुधवार को मीडिया से रूबरू हुए कपिल शर्मा ने अपनी प्राथमिकताएं गिनाईं। उन्हाेंने कहा पुलिस व जनता के बीच मैत्रीपूर्ण संबंध होने बेहद जरूरी हैं। जिस तरह कोई मरीज डाक्टर के पास पहुंचने के बाद खुद को सुरक्षित महसूस करता है, वैसा ही अहसास लोगों को पुलिस के पास पहुंचने पर भी होना चाहिए। जिले में चोरी की बढ़ती वारदातों की ओर ध्यान खींचने पर उन्होंने कहा कि प्रथम प्रयास यही होगा कि चोरी की वारदातें न हों। इसके लिए मीडिया समेत समाज के अन्य वर्गों की ओर से मिलने वाले सुझावों पर गंभीरता से विचार किया जाएगा।
कपिल शर्मा ने कहा कि वाहन चलाते समय मोबाइल का प्रयोग करना सड़क हादसों का मुख्य कारण रहता है। ऐसा करने वाले वाहन चालकों से सख्ती से निपटा जाएगा। इसके लिए वीडियोग्राफी का सहारा लिया जाएगा, ताकि उसकी क्लीपिंग के साथ मामला अदालत में ले जाया जा सके। ट्रिपल राइडिंग भी सहन नहीं की जाएगी। करीब दो हफ्ते तक वाहन चालकाें को यातायात नियमों बारे जागरूक व शिक्षित किया जाएगा। उसके बाद भी यदि कोई ट्रैफिक नियमों की अनदेखी करता पकड़ा गया तो उसके खिलाफ सीधे दंडात्मक कार्रवाई होगी।
