हाउस टैक्स चुकाओ, राशनकार्ड बनाओ

चंबा। नगर परिषद ने राशनकार्ड बनाने के लिए हाउस टैक्स की अदायगी अनिवार्य कर दी है। नगर परिषद के इस फैसले से हाउस टैक्स दबाए बैठे लोगों के होश उड़े हुए हैं। लोगों का कहना है कि राशन कार्ड का हाउस टैक्स के साथ कोई संबंध नहीं है, लेकिन नगर परिषद ने मनमर्जी से लोगों पर यह शर्त थोप रखी है। इससे लोगों को राशन कार्ड बनाने और रिन्यू करवाने में अड़चनें पैदा हो रही हैं।
जानकारी के मुताबिक नगर परिषद की ओर से लोगों के नए राशन कार्ड बनाए जा रहे हैं। इसके अलावा कुछ राशन कार्ड को रिन्यू भी किया जा रहा है। इसके लिए नगर परिषद ने हाउस टैक्स की रसीद लगाना अनिवार्य कर दिया है। यदि हाउस टैक्स की रसीद नहीं लगी है तो राशन कार्ड नहीं बन रहे हैं। ऐसे में कई लोगों को सस्ता राशन पाने से वंचित रहना पड़ रहा है। स्थानीय निवासी एचएल शर्मा, अनिल जंदरोटिया, राकेश कुमार, पियूष, वीरेंद्र कुमार, दिनेश सिंह, राम प्रसाद, जगजीत कुमार और विकास ने बताया कि नगर परिषद की ओर से राशनकार्ड बनाने के नाम पर हाउस टैक्स की उगाही की जा रही है। उन्होंने कहा कि हाउस टैक्स का राशनकार्ड के साथ कोई ताल्लुक नहीं है और न ही सरकार ने ऐसा कोई नियम बनाया है। इसके बावजूद नगर परिषद की ओर से लोगों पर मनमानी शर्तें थोपी जा रही हैं। राशन कार्ड बनाने का काम खाद्य एवं आपूर्ति विभाग का है और सस्ता राशन भी खाद्य एवं आपूर्ति विभाग की ओर से दिया जाता है। फिर भी ये नई शर्तें किस लिए थोपी जा रही हैं।
क्या कहना है नगर परिषद का
इस संबंध में नगर परिषद की कार्यकारी अधिकारी राखी कौशल ने बताया कि नप की ओर से शहर की सफाई व्यवस्था को दुरुस्त रखने के लिए लोगों से हाउस टैक्स लिया जाता है, लेकिन लोग हाउस टैक्स चुकाने में आनाकानी करते हैं। नोटिस भेजने के बाद भी लोग हाउस टैक्स नहीं चुकाते। इसके चलते नगर परिषद की ओर से राशन कार्ड बनाने के लिए हाउस टैक्स की रसीद लगाना अनिवार्य किया गया है।

Related posts