
चुवाड़ी (चंबा)। एसएफआई ने रूसा सिस्टम की खामियों और कालेज में स्टाफ की कमी से आ रही दिक्कतों को लेकर बुधवार को कालेज में ताला जड़ कर विरोध प्रदर्शन किया। जानकारी के अनुसार बुधवार सुबह नौ बजे के करीब एसएफआई ने कालेज खुलने से पहले ही गेट पर ताला जड़ दिया और सभी पदाधिकारी और छात्र धरने पर बैठ गए। जब कालेज के कार्यवाहक प्रिंसिपल जगदीश चंद और अन्य प्रवक्ता कालेज आए तो उन्होंने कालेज पर ताला जड़ा देखा। करीब डेढ़ घंटे तक एसएफआई कार्यकर्ताओं ने ताला नहीं खोला। इस दौरान पुलिस ने भी ताला खुलवाने की कोशिश की, जिस पर छात्रों और पुलिस कर्मियों में बहस भी हुई। बाद में कालेज की समस्याओं का 15 दिन में समाधान किए जाने का आश्वासन मिलने पर प्रदर्शनकारी छात्र धरने से हटे और कालेज का ताला खोल कर कालेज की कक्षाएं शुरू की गईं।
कालेज एससीए के अध्यक्ष सूर्यकांत, एसएफआई के कैंपस अध्यक्ष दीपक और कैंपस सचिव अनूप कुमार ने बताया कि चुवाड़ी कालेज में पढ़ाई का बुरा हाल है। एक तो रूसा ने पढ़ाई का सिस्टम बिगाड़ रखा है, ऊपर से स्टाफ की कमी के चलते एक माह बाद भी कक्षाएं नहीं लग पा रही हैं। उन्होंने बताया कि कालेज में कामर्स, अंग्रेजी और हिंदी का सिर्फ एक-एक प्रवक्ता है, जबकि इतिहास पढ़ाने के लिए कोई प्रवक्ता ही नहीं है। इस कारण जहां इतिहास की कक्षाएं नहीं लग पाई हैं। वहीं, बीकाम के छात्रों की पढ़ाई भी नहीं हो पा रही है। छात्र सुबह नौ बजे कालेज में आते हैं और शाम को साढ़े पांच बजे तक बैठ कर घरों को लौट जाते हैं। अभी तक उनका सिर्फ एक ही पीरियड लग पा रहा है। यही हाल बाकी कक्षाओं का है। कालेज अभी तक प्राचार्य की तैनाती नहीं की जा सकी है। उन्होंने बताया कि कालेज प्रशासन को इन समस्याओं के समाधान के लिए बार-बार चेताया जा रहा था। इसके लिए पांच दिन का समय दिया गया था, मगर कोई कार्रवाई नहीं हुई। इस पर मजबूरन एसएफआई को कालेज पर ताला जड़ कर प्रदर्शन करना पड़ा। उन्होंने कहा कि कार्यवाहक प्राचार्य ने 15 दिन में समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया है। उधर, धरने पर बैठने वाले छात्र-छात्राओं में विवेक, विकास, अश्वनी, अटल, संजीव, कमल, राजेश, करतार, बेबी, कामिनी, कीर्ति, सपना, रजनी सहित काफी संख्या में एसएफआई कार्यकर्ता मौजूद रहे।
चुवाड़ी कालेज के कार्यवाहक प्राचार्य जगदीश चंद ने माना की स्टाफ की कमी से पढ़ाई प्रभावित हो रही है। उन्होंने कहा कि इस संबंध में आला अधिकारियों को अवगत करवा दिया है।
एनएसयूआई, एबीवीपी ने किया विरोध
चुवाड़ी (चंबा)। एनएसयूआई इकाई चुवाड़ी ने एसएफआई पर कालेज में गुंडागर्दी करने का आरोप लगाया है। एनएसयूआई के परिसर अध्यक्ष साहिल कु मार ने बताया कि एसएफआई के कार्यकर्ताओं ने बिना अनुमति के कालेज में ताला लगा दिया। इससे कालेज का शैक्षणिक माहौल खराब हो रहा है। उन्होंने कहा कि एसएफआई छात्रों को गुमराह कर रही है। एनएसयूआई के प्रभारी विकास ठाकुर ने कहा कि एसएफआई की ओर से कालेज में ताला लगाने के कारण लगभग दो घंटे कालेज की कक्षाएं प्रभावित हुई हैं। एनएसयूआई ने इसकी एसडीएम भटियात के साथ शिकायत की। एसडीएम ने एनएसयूआई के कार्यकर्ताओं को आश्वासन दिया है कि कालेज का अनुशासन भंग करने पर अनुशासन कमेटी से जवाब तलब किया जाएगा।
उधर, एबीवीपी के कार्यकर्ताओं ने एसएफआई की ओर से कालेज में ताला लगाने पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। एबीवीपी के कार्यकर्ता राहुल ने बताया कि कालेज गेट पर ताला होने के कारण कालेज के छात्रों की पढ़ाई काफी प्रभावित हुई है। उन्होंने कालेज प्रशासन से इस मामले की उचित जांच करने की मांग की है।
