नगरोटा में निजी क्लीनिक पर छापा

धर्मशाला। स्वास्थ्य महकमे की एक टीम ने नगरोटा बगवां क्षेत्र के तहत एक गांव में बिना डिग्री के निजी क्लीनिक चलाने की शिकायत पर बुधवार को छापेमारी की। टीम ने क्लीनिक से आवश्यक दस्तावेज व अन्य सामान अपने कब्जे में ले लिया है। विभाग ने जिला भर में बिना डिग्री क्लीनिक चलाने वालों की डिग्रियां चेक करने की मुहिम शुरू की है। बुधवार को टीम ने नगरोटा बगवां के पास कथित रूप से फर्जी तौर पर क्लीनिक चला रहे एक चिकित्सक के डिग्री संबंधी दस्तावेज जांचे। सूत्रों के अनुसार चिकित्सक की शिकायत ग्रामीणों की ओर की गई है। ऐसे में स्वास्थ्य विभाग ने क्लीनिक में जाकर चिकित्सक की डिग्री को लेकर जांच की। शिकायत मिलने के बाद सीएमओ ध्रुव एस. गुरुंग ने ड्रग इंस्पेक्टर, चिकित्सक और अन्य स्टाफ की कमेटी गठित की। कमेटी अब अपनी रिपोर्ट सीएमओ को सौंपेगी। अगर ग्रामीणों द्वारा लगाए गए आरोप सही पाए जाते हैं तो चिकित्सक के खिलाफ कोर्ट में केस चल सकता है। टीम ने योल से लेकर 54 मील तक तमाम क्लीनिकों को चेक किया है। ड्रग इंस्पेक्टर आशीष रैणा ने नगरोटा बगवां क्षेत्र में संबंधित कार्रवाई की पुष्टि करते हुए कहा कि मामले की जांच चल रही है।

आरोपी ने उगला सच
धमेटा में एक मेडिकल स्टोर से पकड़े गए नशीले कैप्सूल मामले में जांच तेज हो गई है। आरोपी ने जहां से कैप्सूल खरीदे थे, इसका खुलासा उसने पुलिस रिमांड के दौरान कर दिया है। वहीं, स्वास्थ्य विभाग की टीम ने जसूर में दबिश देकर एक मेडिकल स्टोर की चेकिंग की है। ड्रग इंस्पेक्टर आशीष रैणा ने कहा कि चेकिंग के दौरान यहां से नशीले कैप्सूल बरामद नहीं हुए हैं। उन्होंने कहा कि आरोपी के बयान पर अब अन्य जगहों में भी छापेमारी की जा रही है।

Related posts