बिना अफसरों के रुका चंबा का विकास

चंबा। नई सरकार बने हुए सात महीने हो चुके हैं लेकिन जिले में क ई विभागों के अधिकारियों की तैनाती नहीं हो पाई है। इस कारण विकास कार्य काफी धीमी गति से चल रहे हैं। लोगों को सरकारी योजनाओं का उचित लाभ नहीं मिल पा रहा है।
नगर परिषद में कार्यकारी अधिकारी का पद खाली पड़ा हुआ है। इस कारण शहरवासी परेशान हैं। कई बार मांग किए जाने के बावजूद इस पद को नहीं भरा जा सका है। लोगों को एनओसी से लेकर अन्य जरूरी दस्तावेजों के लिए नगर परिषद कार्यालय के चक्कर काटने पड़ रहे हैं। ईओ का अतिरिक्त कार्यभार डलहौजी की ईओ को सौंपा गया है। इस कारण लोगों को जरूरी काम के लिए डलहौजी के चक्कर भी काटने पड़ रहे हैं। इससे शहर के कई विकास कार्य भी रुके पड़े हैं। इसके अलावा रोजगार विभाग में जिला रोजगार अधिकारी का पद एक साल से खाली पड़ा हुआ है। बेरोजगारों को परेशानी पेश आ रही है। मौजूदा स्टाफ पर भी काम का अतिरिक्त बोझ होने से कार्यालय की व्यवस्था गड़बड़ाई हुई है। यही नहीं जिला सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी का पद भी करीब छह माह से रिक्त चल रहा है। महिला एवं बाल विकास विभाग के सीडीपीओ का पद भी करीब छह माह से खाली है। तहसील कल्याण अधिकारी भी नहीं हैं। जिला भाषा अधिकारी का पद भी लंबे अरसे से खाली चल रहा है। इस तरह अधिकारियों के पद खाली होने से लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ समय पर नहीं मिल पा रहा है। इन कार्यालयों के स्टाफ पर काम का अतिरिक्त बोझ बना हुआ है। अन्य कई विभागों में भी ऐसी ही हालत बनी हुई है।

Related posts