
धर्मशाला। डीजीपी बी. कमल कुमार ने कहा कि अपराधों के विभिन्न मामलों की निष्पक्ष जांच के लिए थानों में फोरेंसिक मोबाइल वैन की जरूरत है। उन्होंने कहा कि हर थानों में फोरेंसिक मोबाइल वैन मुहैया करवाने के लिए प्रयास किए जाएंगे। अगर थानों में फोरेंसिक मोबाइल वैन की सुविधा मिलती है तो मामलों में जांच निष्पक्ष तरीके से हो सकेगी। उन्होंने कहा कि विभाग में 2100 के करीब पद खाली चल रहे हैं। इन पदों को भरने के बारे में सरकार को अवगत करवाया जाएगा। उन्होंने कहा कि स्टाफ की भरती होने के बाद प्रदेश भर में मामलों की जांच में सुविधा मिलेगी और लोगों का समयानुसार न्याय प्राप्त होगा। पद खाली होने के कारण भी निष्पक्ष जांच में परेशानी पेश आ रही है। उन्हाेंने कहा कि विभाग के पास फंड की कमी रहती है। इस कारण पुलिस की दिक्कतें बढ़ जाती हैं। पुलिस बल को अत्याधुनिक होने की जरूरत है। डीजीपी ने कहा कि पुलिस के पास वाहनों की कमी चल रही है। इस कारण पुलिस कर्मियाें का आने जाने में दिक्कतें पेश आ रही हैं। हर थानों में एक फोरेंसिक साइंस एक्सपर्ट का होना भी जरूरी है। इससे मर्डर, रेप जैसे मामलों में तुरंत सुबूत इकट्ठे करके दोषियों को सजा दिलाई जा सकती है।
