‌‌‌दिनभर ठप रही संचार व्यवस्था

नाहन (सिरमौर)। मारकंडा-कोलर के बीच बादल फटने की घटना से लोग उबरे नहीं थे कि क्षेत्र में एकाएक बीएसएनएल सेवाओं ने दम तोड़ दिया। रविवार तड़के जिले के आधा दर्जन से अधिक क्षेत्रों में बीएसएनएल सेवाएं ठप रहीं। इसके चलते दिनभर हजारों उपभोक्ता परेशान रहे। नाहन-सराहां, नाहन-संगड़ाह और नाहन-पांवटा के बीच ओएफसी क्षतिग्रस्त होने से सेवाएं बंद रहीं। रविवार सुबह निगम ने तीन टीमें गठित कर क्षेत्र में दूरभाष सेवाएं बहाल करने का कार्य शुरू किया। दो केंद्रीय टीमें सोलन से पहुंचीं तथा एक टीम जिला मुख्यालय से मौके पर भेजी गई। रविवार को दूरभाष सेवाएं ठप रहने से कालाअंब उद्योग नगरी सहित नाहन से सटे कई निजी संस्थानों तथा उद्योगों में नेटवर्किंग सिस्टम ठप रहा। नाहन, पांवटा, संगड़ाह, सराहां, जमटा, बनेठी, ददाहू और श्रीरेणुकाजी इलाकों में बीएसएनएल सेवाएं पूरी तरह बंद रहीं। ब्राडबैंड, लैंडलाइन के अलावा कंप्यूटर नेटवर्क भी बंद रहा। नाहन में रविवार पूरा दिन दूरभाष सेवाएं बंद रहीं। निजी संस्थानों में काम पूरी तरह से प्रभावित रहा। हालांकि, विभाग ने तीन महत्वपूर्ण क्षेत्रों में ओएफसी के कटे होने की बात कही है। इसके चलते नेटवर्किंग सेवाओं में ब्रेक लगा रहा। हजारों उपभोक्ताओं को रविवार देर शाम तक दूरभाष सेवाएं मुहैया नहीं हो सकीं।
जिला मुख्यालय को जोड़ने वाली तीन महत्वपूर्ण दूरभाष सेवाओं की ओएफसी क्षतिग्रस्त होने से व्यवधान आया है। नाहन-सराहां, नाहन-पांवटा तथा नाहन-संगड़ाह के मध्य ओएफसी कटी है। रविवार सुबह तीन टीमें मौके पर भेजी हैं। इनमें नाहन के अलावा सोलन से पहुंची दो केंद्रीय टीमें भी हैं। सेवाएं जल्द बहाल की जाएंगी।
चिंतराम चौहान उप महाप्रबंधक, दूरभाष नाहन

Related posts