
पांवटा साहिब (सिरमौर)। अमरकोट पंचायत के गोंदपुर में शनिवार रात को विशाल पेड़ अचानक गिर गया, जिससे एक रिहायशी मकान व पशुशाला क्षतिगस्त हो गई। मकान में सोए एक परिवार सदस्य बाल-बाल बच गए। मकान ढहने की सूचना पंचायत प्रतिनिधियों, प्रशासन, वन विभाग व पुलिस टीम को दी गई। अमरकोट पंचायत के उप प्रधान राकेश कुमार ने बताया कि गोंदपुर निवासी लक्ष्मण सिंह के रिहायशी मकान के साथ दशकों पुराना साल का विशाल पेड़ था। पेड़ शनिवार रात करीब साढ़े 12 बजे भर भरा कर गिर गया, जिससे साथ लगते रिहायशी मकान व पशुशाला पेड़ गिरने से क्षतिग्रस्त हो गए। लक्ष्मण सिंह ने बताया कि साथ लगते कमरों में विपिन, बलबीर, बाला देवी, हरीश, रितिका, सुनिता व गोपाल समेत छोटे बच्चे सोए थे। देर रात को पेड़ गिरने से भारी आवाज आई, जिसके बाद परिजन बाहर दौड़ गए। रात को ही परिजनों ने ग्रामीणों की सहायता से पशुशाला से चार भेंस व गायों समेत सभी मवेशियों को बाहर निकाल लिया। सूचना मिलते ही रात को पुलिस टीम, पंचायत प्रतिनिधि व ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। स्थानीय ग्राम पंचायत प्रधान अमरकोट धनी राम व उप प्रधान राकेश कुमार ने कहा कि प्रभावित परिवार को उचित मुआवजा प्रदान किया जाए। उधर, तहसीलदार पांवटा राजेंद्र फिष्टा ने बताया कि सूचना मिली है। इस क्षेत्र के पटवारी को क्षति रिपोर्ट भेजने को कहा गया है, जिससे प्रभावित परिवार को मुआवजा राशि प्रदान की जा सके ।
