फर्स्ट ईयर में दाखिले का एक और मौका

शिमला। प्रदेश विश्वविद्यालय के तहत चल रहे बड़े कॉलेजों में राष्ट्रीय उच्चतर शिक्षा अभियान (रूसा) के तहत प्रथम वर्ष में छात्र-छात्राओं को एडमिशन का एक और मौका मिल सकता है। विवि प्रशासन ने इसका प्रस्ताव तैयार किया है। इसमें प्रदेश भर के लगभग 24 कॉलेजों को शामिल किया जाना प्रस्तावित है। इसमें छोटे जिलों के कॉलेजों के बजाय बड़े जिलों के कॉलेजों को शामिल किया जा सकता है। विश्वविद्यालय ने तर्क दिया है कि कॉलेजों में जहां ज्यादा छात्रों ने आवेदन किया था, उन्हें शिक्षा के लिए दूर के कॉलेज में न जाना पड़े, इसके लिए प्रस्ताव तैयार किया है। इसे विभाग के पास भेजा जाना है। विभाग शिक्षकों की उपलब्धता और आधारभूत ढांचे को देखते हुए छात्रों की संख्या में बढ़ोतरी की मंजूरी देगा।
वर्तमान में सभी कॉलेजों में मेजर विषयों की 120 सीटे ही रखी हैं। हर कॉलेज में दो सेक्शन बनाए गए हैं। विश्वविद्यालय के प्रस्ताव के मुताबिक बड़े कॉलेज में आने वाले समय में तीन सेक्शन बनाए जाने हैं। इससे मेजर विषयों में इन कॉलेजों में 180 सीटें हो जाएंगी। इसमें शिमला के सभी तीनों कॉलेजों के साथ, धर्मशाला, मंडी, ऊना, बिलासपुर, सोलन, कुल्लू के मुख्य कॉलेजों को शामिल किया जाना प्रस्तावित है। कई कॉलेजों से प्रशासन को सीटों से कहीं ज्यादा आवेदन मिलने का मामला सामने आने के बाद प्रशासन ने यह प्रस्ताव तैयार किया है। प्रदेश में 90 से ज्यादा सरकारी और 30 के लगभग निजी क्षेत्र के कॉलेज हैं।

मौका देने का प्रस्ताव तैयार
शिमला। विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. एडीएन बाजपेयी ने कहा कि मेरिट के कारण कई छात्र बाहर रह गए हैं। उन्हें अच्छे अंक होने के बावजूद प्रवेश नहीं मिल सका है। इन्हें नजदीक के कॉलेजों में ही मौका देने के लिए प्रशासन ने प्रस्ताव तैयार किया है।

Related posts